*कोड़ेनार मुक्तिधाम में भूमि पूजन: विकास कार्यों की शुरुआत, स्थानीय पार्षद ज्यादातर नदारद*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*कोड़ेनार मुक्तिधाम में भूमि पूजन: विकास कार्यों की शुरुआत, स्थानीय पार्षद ज्यादातर नदारद*

दंतेवाड़ा। कोड़ेनार पंचायत स्थित मुक्तिधाम, जो किरंदुल और बचेली दोनों नगरपालिका क्षेत्रों के लिए एकमात्र अंतिम संस्कार स्थल है, में शनिवार को विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन संपन्न हुआ। मुक्तिधाम के चारों ओर बाउंड्री वॉल, मंदिर, बैठने के स्थान और पार्क के निर्माण की शुरुआत जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई।

कार्यक्रम में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नन्दलाल मुडामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, कोड़ेनार पंचायत सरपंच-उपसरपंच मीना मंडावी व तपन दास, किरंदुल नगरपालिका अध्यक्ष रूबी सिंह, उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी और बचेली नगरपालिका अध्यक्ष राजू जयसवाल मौजूद रहे। इनके अथक प्रयासों से यह भूमि पूजन संभव हो सका। कार्यक्रम किरंदुल नगरपालिका मुख्य अधिकारी शशिभूषण महापात्र की देखरेख में पूरा हुआ।

सेवा संकल्प और सफाई अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से 17 अक्टूबर तक चले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज भी मुक्तिधाम में जनप्रतिनिधियों द्वारा सेवा का संदेश दिखा। भूमि पूजन से पहले विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, भाजपा किरंदुल मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने मिलकर मुक्तिधाम की सफाई की। इससे प्रधानमंत्री की सफाई योजना का संदेश नगर में पहुंचाया गया। भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने इस पूरे कार्यक्रम में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

स्थानीय पार्षदों की अनुपस्थिति पर सवाल

सफाई और भूमि पूजन कार्यक्रम में किरंदुल व बचेली नगरपालिका के अधिकांश पार्षद तथा शासन द्वारा नियुक्त एल्डरमैन नदारद रहे। किरंदुल से कुछ महिला पार्षद, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष नजर आए, लेकिन बचेली से केवल नगरपालिका अध्यक्ष ही पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे। दिलचस्प बात यह रही कि दंतेवाड़ा से 40 किलोमीटर दूर से विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सुबह 9:30 बजे निश्चित समय पर पहुंच गए, जबकि स्थानीय पार्षद ज्यादातर अनुपस्थित रहे।

इस घटनाक्रम ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या मुक्तिधाम जैसे पवित्र और अंतिम विश्राम स्थल की सफाई व विकास कार्यों से दूरी रखना नगर के सामाजिक जुड़ाव और व्यवस्था के प्रति पार्षदों-एल्डरमैन की दिलचस्पी को दर्शाता है।

कोड़ेनार मुक्तिधाम दोनों नगरपालिकाओं के लिए शव दाह का प्रमुख स्थल है। यहां विकास कार्यों की शुरुआत से क्षेत्रवासियों को सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सक्रियता सराहनीय रही, लेकिन स्थानीय स्तर पर व्यापक भागीदारी की कमी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

Leave a Comment

और पढ़ें

*बड़ी खबर: बचेली में अतिक्रमण की हद पार! अब मुक्तिधाम के चबूतरे पर ही बना डाली दुकान, प्रशासन ने जड़ा ताला जिंदा लोगों की जमीन पर कब्जे की खबरें तो बहुत सुनीं, अब अंतिम संस्कार की जगह भी नहीं छोड़ी!*

Buzz4 Ai

Read More Articles