*किरंदुल मुक्तिधाम में विकास कार्यों का भूमि पूजन कल, नगरपालिका व पंचायत मिलकर करेंगे साफ-सफाई व निर्माण*
किरंदुल-बचेली क्षेत्र के मुक्तिधाम में लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्था को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। किरंदुल नगरपालिका और कोड़ेनार पंचायत के संयुक्त प्रयास से मुक्तिधाम में विकास कार्यों का भूमि पूजन और साफ-सफाई अभियान शनिवार सुबह 9:30 बजे आयोजित किया जाएगा।
इस विकास कार्य में मुक्तिधाम परिसर में चारदीवारी निर्माण, बैठने की उचित व्यवस्था और मंदिर निर्माण शामिल है। साथ ही पूरे परिसर की व्यापक सफाई भी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
ज्ञातव्य है कि किरंदुल मुक्तिधाम पिछले कई वर्षों से पूरी तरह छत्तीग्रस्त और अव्यवस्थित अवस्था में पड़ा हुआ था। यहां न तो उचित बैठने की व्यवस्था थी, न चारदीवारी और न ही मंदिर की समुचित सुविधा। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।
इसी बीच सीजी संविधान न्यूज ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और लगातार प्राथमिकता के साथ रिपोर्टिंग की। समाचार माध्यम ने मुक्तिधाम की जर्जर स्थिति, अव्यवस्था और जन सुविधाओं की कमी को बार-बार उजागर किया। सीजी संविधान न्यूज की निरंतर और निष्पक्ष पत्रकारिता का स्पष्ट प्रभाव देखने को मिला। समाचारों के दबाव और जनजागरूकता के कारण एएम/एनएस इंडिया लिमिटेड ने आगे बढ़कर मुक्तिधाम में नए शेड का निर्माण करवाया। यह कार्य स्थानीय लोगों के लिए राहत भरा साबित हुआ।
अब नगरपालिका भी सक्रिय हो गई है। नगरपालिका अध्यक्ष रूबी सिंह, उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी, कोड़ेनार सरपंच मीना मंडावी और उपसरपंच तपन दास के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा इस विकास कार्य की घोषणा की गई थी। उसी घोषणा के अनुसरण में कल भूमि पूजन कार्यक्रम तय किया गया है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से मुक्तिधाम को न केवल स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जाएगा, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए बैठने की सुविधा और मंदिर निर्माण से धार्मिक स्थल की गरिमा भी बढ़ेगी। स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के इस संयुक्त प्रयास से मुक्तिधाम को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में ठोस प्रगति होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों की भी भागीदारी अपेक्षित है।
