*एनएमडीसी ने बाढ़ पीड़ितों के लिए बढ़ाया मदद का हाथ, दंतेवाड़ा में राहत कार्यों में दिखाई मानवीय संवेदना*
दंतेवाड़ा, 01 सितंबर 2025: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में हाल ही में हुई भारी बारिश और नदियों में उफान के कारण बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई सड़कें और पुल बह गए, गांव जलमग्न हो गए, और बाढ़ में फंसे लोगों की स्थिति दयनीय हो गई। इस संकट की घड़ी में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) ने अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत कार्यों में अहम भूमिका निभाई है।
एनएमडीसी किरंदुल कॉम्प्लेक्स के अधिशासी निदेशक श्री रवींद्र नारायण और उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती के.एल.नागवेणी के कुशल मार्गदर्शन में प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाढ़ पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान करने का आदेश दिया। एनएमडीसी ने पिछले तीन-चार दिनों से दंतेवाड़ा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में राहत कार्यों को अंजाम दिया है, जिसमें 8000 से अधिक राहत पैकेट वितरित किए गए हैं। इन पैकेटों में कंबल, चादर, कपड़े (पैंट, टी-शर्ट, साड़ी), आटा, दाल, तेल, चावल, साबुन और दैनिक जरूरत की अन्य सामग्रियां शामिल हैं।
राहत सामग्री का वितरण एनएमडीसी के अधिकारियों द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है। इस कार्य में श्री मो. तनवीर जावेद (उप महाप्रबंधक, मानव संसाधन), श्री अभिजीत घोष (सहायक महाप्रबंधक, मानव संसाधन), श्री शैलेंद्र सोनी (सहायक महाप्रबंधक, मानव संसाधन), श्री प्रमोद कुमार (सहायक महाप्रबंधक, सुरक्षा), श्री विवेक कुमार रक्षा (वरिष्ठ प्रबंधक, सीएसआर), श्री पारितोष तिवारी (सहायक प्रबंधक, मानव संसाधन), और श्री विवेक राय जैसे अधिकारियों ने सक्रिय योगदान दिया है।
एनएमडीसी की यह पहल न केवल बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत लेकर आई है, बल्कि संगठन की सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं को भी उजागर करती है। कंपनी ने हमेशा की तरह इस बार भी संकट के समय में पीड़ितों के साथ खड़े होने का उदाहरण प्रस्तुत किया है। जिला प्रशासन के साथ मिलकर किए जा रहे इन प्रयासों से हजारों प्रभावित परिवारों को नई उम्मीद मिली है।
