*दंतेवाड़ा: भारी बारिश व आंधी में किरंदुल-बचेली मार्ग पर विशाल वृक्ष गिरे, प्रशासनिक प्रयास व पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष से मार्ग बहाल*
दंतेवाड़ा। जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश और तेज हवा-तूफान के कारण आज किरंदुल-बचेली मुख्य मार्ग पर दो विशाल वृक्ष गिर गए। इससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था। जानकारी मिलते ही नगरपालिका अमला, पुलिस प्रशासन और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत वृक्षों को कटवाकर मार्ग को बहाल कराया।
तीन दिनों से जारी भारी बारिश के कारण नगर में आम लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल भरा हो गया है। ऐसे में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष एवं नगरपालिका बाढ़ आपदा अधिकारी नरेश साहू, नगरपालिका अभियंता मारकंडे तथा किरंदुल थाना प्रभारी संजय यादव के निर्देश पर पुलिस स्टाफ मौके पर उपस्थित रहा और मार्ग बहाली में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
हालांकि इस पूरे प्रकरण में वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की भूमिका न के बराबर रही। दोनों विभागों की दूरी साफ नजर आई। भारी बारिश और तूफानी मौसम में आम लोगों की सुविधा के लिए स्थानीय प्रशासन व पुलिस के त्वरित प्रयास सराहनीय रहे, लेकिन संबंधित विभागों की अनुपस्थिति पर सवाल भी उठ रहे हैं।

