*किरंदुल में दो मंजिला आधुनिक बस अड्डा और गांधीनगर में स्विमिंग पूल बनेगा, कलेक्टर ने निरीक्षण टीम भेजी*
दंतेवाड़ा। जिले के किरंदुल में वर्षों से जर्जर हालत में पड़े पुराने बस अड्डे की जगह अब आधुनिक दो मंजिला बस स्टैंड बनाने की तैयारी तेज हो गई है। वहीं गांधीनगर में दो करोड़ रुपये की लागत से स्विमिंग पूल का निर्माण भी प्रस्तावित है। दोनों कार्यों के लिए जिला कलेक्टर ने निरीक्षण टीम भेजकर जगह का मुआयना करवा लिया है और कार्य प्रगति की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
किरंदुल में बनने वाले नए बस अड्डे की अनुमानित लागत करीब 6 करोड़ 27 लाख रुपये है। यह दो मंजिला होगा। निचले तल पर सब्जियों का बाजार लगेगा जबकि ऊपरी तल पर बसें खड़ी होंगी। यह बस अड्डा आधुनिक और सर्वसुविधा युक्त होगा। पुराना बस अड्डा लंबे समय से बेहद जर्जर स्थिति में है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही थी। नए अड्डे की तैयारियों में तेजी आने से नगरवासियों में उम्मीद की किरण जगी है। लोग अब इंतजार कर रहे हैं कि यह कब तक तैयार हो जाएगा।
गांधीनगर में प्रस्तावित स्विमिंग पूल की लागत दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। दोनों परियोजनाओं के लिए स्थल निरीक्षण पूरा होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में प्रशासन आगे बढ़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किरंदुल जैसे महत्वपूर्ण इलाके में आधुनिक बस अड्डा और गांधीनगर में स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं क्षेत्र के विकास में मददगार साबित होंगी। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि इन कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

