*बैलाडीला की वादियों में विश्वकर्मा पूजा पर रोक हटाने की मांग , नगरपालिका  उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी ने एनएमडीसी प्रबंधन को लिखा पत्र*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*बैलाडीला की वादियों में विश्वकर्मा पूजा पर रोक हटाने की मांग , नगरपालिका  उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी ने एनएमडीसी प्रबंधन को लिखा पत्र*

किरंदुल (दंतेवाड़ा):

विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बैलाडीला की वादियां सैलानियों और श्रद्धालुओं से गुलजार होने वाली हैं। हर साल की तरह इस बार भी 17 सितंबर को होने वाली विश्वकर्मा पूजा के दिन हजारों की संख्या में लोग एनएमडीसी के खदान क्षेत्र और बैलाडीला के मनोरम प्राकृतिक स्थलों को देखने पहुंचते हैं।

नगर पालिका परिषद किरंदुल के उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी ने एनएमडीसी प्रबंधन को पत्र लिखकर इस खास मौके पर एनएमडीसी माइंस क्षेत्र में लगाई गई आवाजाही की रोक हटाने की मांग की है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि विश्वकर्मा पूजा के दिन न केवल आसपास के क्षेत्रों से बल्कि पूरे बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से लोग बैलाडीला की पहाड़ियों का सौंदर्य देखने आते हैं।

बबलू सिद्दीकी ने कहा कि इस दिन आवाजाही पर रोक होने के कारण श्रद्धालु और पर्यटक मायूस होकर लौट जाते हैं, जिससे क्षेत्र के छोटे व्यापारी, वाहन मालिक, होटल-लॉज संचालक सहित स्थानीय व्यवसायियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

नगर पालिका का मानना है कि दंतेवाड़ा जिला पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध है और इसे पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के लिए राज्य और केंद्र सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में हर साल विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बैलाडीला आने वाले पर्यटकों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना और आवाजाही पर लगी रोक हटाना बेहद जरूरी है।

बबलू सिद्दीकी ने जिला प्रशासन से अपील की है कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के दिन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए सैलानियों के लिए बैलाडीला माइंस क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति प्रदान की जाए।

इस कदम से न केवल धार्मिक आस्था का सम्मान होगा, बल्कि स्थानीय व्यापारियों और पर्यटन व्यवसाय को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

 

 

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles