*बीजापुर के जनपद मा शाला में संविधान दिवस पर भावपूर्ण कार्यक्रम, शिक्षक ने बेटी के जन्मदिन पर कराया सामूहिक न्यौता भोज*
बीजापुर, 26 नवंबर। ब्लॉक मुख्यालय से महज 300 मीटर दूर स्थित जनपद मा शाला बीजापुर में बुधवार को संविधान दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि शिक्षक कैलाश रामटेके ने अपनी पुत्री जिया रामटेके के जन्मदिन के अवसर पर सभी बच्चों, शिक्षकों और अतिथियों के लिए न्यौता भोज का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों बच्चों ने चाव से भोजन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि बीजापुर विकास खंड के बीआरसी श्री राजेश मिश्रा, विशेष अतिथि सीएसी रमन झा एवं राजेश सिंह के साथ-साथ स्कूल के सभी शिक्षकों व बच्चों ने पुष्पांजलि अर्पित कर संविधान निर्माता को नमन किया।
*मुख्य अतिथि बीआरसी राजेश मिश्रा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा,*
“आज हम सब एक हैं, सिर्फ बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान की वजह से। इस संविधान ने हर नागरिक को बराबरी का अधिकार दिया। पहले राजतंत्र था, आज हम लोकतंत्र में सांस ले रहे हैं, यह सब बाबा साहेब की देन है। उन्होंने कई-कई डिग्रियां हासिल कर संविधान निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।”
*विशेष अतिथि सीएसी रमन झा ने बच्चों से कहा,*
“आप लोग पढ़-लिखकर डॉक्टर, इंजीनियर, कलेक्टर बनें। आज बाबा साहेब की वजह से हर बच्चे को समान अवसर मिल रहा है। वे संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे, जबकि डॉ. राजेंद्र प्रसाद संविधान सभा के अध्यक्ष थे।”
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक कैलाश रामटेके ने किया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी जिया का आज जन्मदिन है, इसलिए उन्होंने बच्चों के साथ खुशी बांटने के लिए न्यौता भोज रखा। बच्चों ने बड़े चाव से भोजन किया और शिक्षक को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन से इस तरह के सामुदायिक भोज के लिए दिशा-निर्देश भी प्राप्त हुए हैं।
*कार्यक्रम में शिक्षिका रजनीलता सिंह, सुरेश नरेटी, दीपिका मरकाम सहित सभी स्टाफ का विशेष योगदान रहा।*
संविधान दिवस के इस कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति गीत और भाषण भी प्रस्तुत किए, जिससे पूरा वातावरण देशप्रेम और एकता के रंग में रंग गया।

