*बीजापुर में आबकारी विभाग की बड़ी लापरवाही: भट्टियों से धड़ल्ले से हो रही अवैध शराब की तस्करी*
बीजापुर। जिला बीजापुर में इन दिनों आबकारी विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। स्थानीय कोचिये (अवैध शराब विक्रेता) सरकारी और स्थानीय शराब भट्टियों से भारी मात्रा में शराब लेकर खुलेआम तस्करी कर रहे हैं। ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों का आरोप है कि इस पूरे खेल में आबकारी विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत है, जिसके चलते अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शराब भट्टियों से नियम-कानूनों को ताक पर रखकर भारी मात्रा में शराब बेची जा रही है। कोचिये और बिचौलिए बोरियों तथा पिठ्ठू बैगों में भरकर धड़ल्ले से शराब ले जा रहे हैं। नियमानुसार किसी भी व्यक्ति को सीमित मात्रा से अधिक शराब देना गैरकानूनी है, लेकिन यहां नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक-एक बार में 30 से 50 बोतल या उससे भी अधिक शराब अवैध रूप से बेची जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सब बिना विभागीय संरक्षण के संभव नहीं है। मोटा मुनाफा कमाने के चक्कर में आबकारी विभाग के कुछ लोग इस अवैध परिवहन पर आंखें मूंदे बैठे हैं।
इस अवैध शराब बिक्री और तस्करी से आसपास के लगभग 12 गांवों के ग्रामीण और महिलाएं बेहद नाराज हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में अवैध शराब पहुंचने से माहौल खराब हो रहा है, लड़ाई-झगड़े बढ़ रहे हैं और युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों ने इस मुद्दे पर शिकायत करने की तैयारी भी कर ली है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि आबकारी विभाग तुरंत सख्त कार्रवाई करे और अवैध तस्करी पर अंकुश लगाए।

