*बचेली पुलिस ने मोटरसाइकिल के साइलेंसर में बदलाव करने वाले के खिलाफ की कार्रवाई*
बचेली, 15 अगस्त 2025: दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और वाहन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बचेली पुलिस ने सक्रिय कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मधुनाथ ध्रुव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया।
इसी कड़ी में 14 अगस्त 2025 को बचेली पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक सूरज डोगरे (21 वर्ष), निवासी बंगाली कैंप, वार्ड नंबर 01, बचेली के खिलाफ कार्रवाई की। सूरज ने अपनी मोटरसाइकिल के साइलेंसर में बदलाव (मॉडिफिकेशन) किया था, जो यातायात नियमों का उल्लंघन है। उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182(A)(4) के तहत चालान किया गया और 5,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
बचेली पुलिस ने बताया कि बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाने, नाबालिग चालकों और साइलेंसर में बदलाव जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
