*सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत विकासखंड कुआकोंडा में 140 छात्राओं को साइकिलों का वितरण*
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत आज विकासखंड कुआकोंडा के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुआकोंडा में भव्य साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 140 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय विधायक श्री चैतराम मटामी जी थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुडामी जी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम जी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सुकालू मुडामी जी तथा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती दीपिका सुमित भदौरिया जी उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा कहा कि शासन की यह योजना बालिका शिक्षा को नई गति देने के साथ-साथ विद्यालय तक उनकी सुगम पहुँच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं छात्र हितैषी योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करना है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासित रहकर अध्ययन करने तथा अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथियों ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में छात्राओं से साइकिल का सदुपयोग करते हुए नियमित विद्यालय आने, शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति मानने तथा आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटियाँ परिवार, समाज एवं राष्ट्र के विकास की आधारशिला हैं और शासन उनकी शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।
कार्यक्रम में smdc अध्यक्ष, विकासखंड के शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, संकुल समन्वयक, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, उल्लास एवं गरिमा से परिपूर्ण रहा। छात्राओं के चेहरों पर साइकिल प्राप्त करने की खुशी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी, जिसने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

