*दंतेवाड़ा में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक : अनुपस्थित शिक्षकों-प्रधानाध्यापकों पर कलेक्टर सख्त, गुणवत्ता और सुरक्षा पर दिए कड़े निर्देश*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*दंतेवाड़ा में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक : अनुपस्थित शिक्षकों-प्रधानाध्यापकों पर कलेक्टर सख्त, गुणवत्ता और सुरक्षा पर दिए कड़े निर्देश*

दंतेवाड़ा, 05 दिसंबर 2025। जिला कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया और इस पर सख्त नाराजगी जताई। कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि “जो शिक्षक और प्रधानाध्यापक बिना सूचना के अनुपस्थित रह रहे हैं, उनके विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए और दोबारा ऐसा पाया गया तो निलंबन तक की कार्रवाई होगी।” उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य दांव पर लगाकर कोई भी शिक्षक या प्रधानाध्यापक लापरवाही नहीं बरत सकता।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद ठाकुर ने जब कुछ संकुलों और स्कूलों में लगातार अनुपस्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की तो कलेक्टर ने तत्काल सभी बीईओ और सहायक बीईओ को निर्देश दिए कि वे अगले तीन दिनों में अपने-अपने क्षेत्र के सभी स्कूलों में आकस्मिक निरीक्षण करें और अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षक-प्रधानाध्यापक की सूची तैयार कर 8 दिसंबर तक डीईओ कार्यालय में जमा करें। कलेक्टर ने कहा, “शिक्षक अगर कक्षा में नहीं होंगे तो मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान कैसे सफल होगा? यह सीधे बच्चों के साथ धोखा है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

उपस्थिति को पारदर्शी बनाने के लिए कलेक्टर ने वीएसएटी (VSK) ऐप पर प्रतिदिन बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने के निर्देश दोहराए। यदि किसी स्कूल में नेटवर्क समस्या है तो शिक्षक को तुरंत स्क्रीनशॉट लेकर डीईओ कार्यालय को सूचित करना होगा, अन्यथा अनुपस्थिति मानी जाएगी। साथ ही प्रधानाध्यापकों को अपने स्कूल के सभी शिक्षकों की उपस्थिति की जिम्मेदारी लेनी होगी।

अपार आईडी, आधार और सुरक्षा पर भी सख्ती

बैठक में अपार आईडी जनरेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिया कि 31 दिसंबर 2025 तक जिले के शत-प्रतिशत बच्चों की अपार आईडी बननी अनिवार्य है। जिन बच्चों का आधार कार्ड नहीं बना है, उनके लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएं। आधार बायोमेट्रिक अपडेट में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह ठहराया जाएगा।

स्कूलों की सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने कोटपा एक्ट का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। स्कूल से 100 मीटर की परिधि में पान-गुटखा या तंबाकू की कोई दुकान नहीं चलेगी। अगर कोई शिक्षक या कर्मचारी स्कूल परिसर में धूम्रपान या तंबाकू सेवन करते पाया गया तो तुरंत निलंबन होगा। साथ ही सभी शिक्षकों के लिए हेलमेट पहनकर स्कूल आना अनिवार्य किया गया।

कमजोर स्कूलों पर विशेष नजर

मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत जिन स्कूलों का प्रदर्शन कमजोर है, उन पर विशेष मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे स्कूलों में साप्ताहिक रूप से वरिष्ठ अधिकारी जाएं और शिक्षण स्तर में सुधार लाएं। राष्ट्रीय पर्वों पर न्यौता भोज को जन-भागीदारी से जोड़कर पालकों को स्कूल से जोड़ने की योजना को भी तेज करने को कहा गया।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने सभी अधिकारियों से साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट मांगते हुए कहा, “शिक्षा विभाग का हर कदम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए है। इसमें कोई कोताही या बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद ठाकुर, डीएमसी श्री हरीश गौतम, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक बीईओ, खंड स्त्रोत समन्वयक एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।

जिले में शिक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के कलेक्टर के इन कड़े तेवरों से शिक्षक-कर्मचारियों में हड़कंप है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में स्कूलों में उपस्थिति और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

रायपुर, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के कई रेंज के पुलिस महानिरीक्षकों (IG) तथा विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) का तबादला किया गया है।

Buzz4 Ai

Read More Articles

रायपुर, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के कई रेंज के पुलिस महानिरीक्षकों (IG) तथा विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) का तबादला किया गया है।