*नगरपालिका की लापरवाही के बीच किरंदुल पुलिस ने दिखाई मानवता, सड़क के बीच खड़े विद्युत खंभे पर लगाया रेडियम टेप*
सी जी संविधान न्यूज़ की खबर का असर: संभावित दुर्घटना रोकने के लिए पुलिस ने उठाया सराहनीय कदम, नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
किरंदुल। नगर में सड़क सुरक्षा को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां नगरपालिका की लापरवाही के बीच किरंदुल पुलिस ने मानवता और जनहित की मिसाल पेश की है।
गांधीनगर हाट बाजार रोड के बीचों-बीच खड़े विद्युत खंभे को लेकर सी जी संविधान न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। सड़क के बीच मौजूद यह विद्युत खंभा रात के अंधेरे में वाहन चालकों के लिए गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता था। खासकर तेज रफ्तार दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए यह खंभा किसी बड़े खतरे से कम नहीं था। यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती जाती तो किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना के साथ जानमाल का नुकसान हो सकता था।
सी जी संविधान न्यूज़ की खबर सामने आने के बाद किरंदुल पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए विद्युत खंभे पर चमकदार रेडियम टेप लगाया। इस टेप की खासियत यह है कि रात में वाहनों की हेडलाइट पड़ते ही यह चमकने लगता है, जिससे दूर से ही वाहन चालकों को खंभे की मौजूदगी का संकेत मिल सके और संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।
यह कदम भले ही देखने में छोटा हो, लेकिन इसके पीछे आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की बड़ी सोच और मानवीय संवेदनशीलता दिखाई देती है। जहां सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और नगरपालिका प्रशासन की है, वहीं किरंदुल पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी से आगे बढ़कर जनहित में सराहनीय पहल की है।
एक तरफ नगरपालिका के मुख्य अधिकारी और अभियंता की कार्यप्रणाली पर सवाल
सवाल यह है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान सड़क के बीचों-बीच विद्युत खंभा किसकी अनुमति और किसकी निगरानी में रह गया? क्या संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को इस संभावित खतरे की जानकारी नहीं थी? यदि जानकारी थी तो अब तक खंभे को हटाने या सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
रेडियम टेप लगाना निश्चित रूप से एक सराहनीय अस्थायी सुरक्षा उपाय है, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है। नगरपालिका प्रशासन को तत्काल विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर खंभे को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराने की कार्रवाई करनी चाहिए।
किरंदुल पुलिस को जनहित की इस संवेदनशील पहल के लिए सलाम!
सी जी संविधान न्यूज़ की खबर पर किरंदुल पुलिस द्वारा दिखाई गई तत्परता यह संदेश देती है कि जनसेवा केवल पद और जिम्मेदारी से नहीं, बल्कि संवेदनशील सोच और मानवता से भी होती है। पुलिस की इस पहल ने निश्चित रूप से आम नागरिकों के मन में सराहना का भाव पैदा किया है।
अब देखना यह होगा कि नगरपालिका प्रशासन कब तक जागता है और सड़क के बीच खड़े इस विद्युत खंभे को हटाकर स्थायी रूप से दुर्घटना की आशंका समाप्त करता है।
सी जी संविधान न्यूज़ – कथनी और करनी में फर्क है, हम खबर नहीं, सच्चाई निकालकर लाते हैं।

