*छत्तीसगढ़ की कुबेर नगरी में एक नगरपालिका, दो मुख्य नगरपालिका अधिकारी! आखिर कुर्सी में ऐसा कौन-सा चुंबक लगा है? कहीं कुबेर का आशीर्वाद तो नहीं, या फिर लोह खदान के लौह चूर्ण का ऐसा असर कि अधिकारी कुर्सी छोड़ने को तैयार ही नहीं!*
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले की किरंदुल नगरपालिका, जिसे लोग कुबेर नगरी के नाम से भी जानते हैं, इन दिनों एक अलग ही वजह से चर्चा में है। मामला नगरपालिका की एक कुर्सी और उस पर दावेदारी करने वाले दो मुख्य नगरपालिका अधिकारियों का है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 53 नगरपालिका एवं नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों के तबादले किए गए। बताया जा रहा है कि अधिकांश अधिकारियों ने अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार संभाल लिया है। लेकिन किरंदुल नगरपालिका का मामला कुछ अलग ही नजर आ रहा है।
यहां वर्तमान मुख्य नगरपालिका अधिकारी शशिभूषण महापात्र और नए पदस्थापना आदेश के तहत आए मुख्य नगरपालिका अधिकारी बिरजू राम सोनबोइर, दोनों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है।
सवाल यह है कि जब शासन ने तबादला आदेश जारी कर दिया है, तो फिर किरंदुल नगरपालिका में अब तक दो-दो मुख्य नगरपालिका अधिकारी क्यों नजर आ रहे हैं? आखिर शासन के आदेश का पालन करने में ऐसी कौन-सी अड़चन आ रही है?
जानकारी यह भी सामने आ रही है कि छत्तीसगढ़ में जारी जनगणना कार्य का हवाला देते हुए वर्तमान अधिकारी द्वारा तबादला आदेश पर स्थगन (स्टे) लेने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।
ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या जनगणना का कार्य केवल किरंदुल नगरपालिका में ही संचालित हो रहा है? क्या प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों में अधिकारियों के तबादले से जनगणना प्रभावित नहीं होगी? और यदि नए पदस्थापित अधिकारी किरंदुल पहुंच चुके हैं, तो क्या वे जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को आगे बढ़ाने में सक्षम नहीं हैं?
एक नजर में पूरा मामला देखें तो सवाल सिर्फ तबादले का नहीं, बल्कि शासन के आदेश के पालन और प्रशासनिक व्यवस्था का भी है।
आखिर किरंदुल नगरपालिका की इस कुर्सी में ऐसा कौन-सा चुंबक या फेविकॉल का मजबूत जोड़ लगा है कि एक अधिकारी कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं और दूसरे अधिकारी नई पदस्थापना के बाद भी अपनी जिम्मेदारी को लेकर इंतजार में हैं?
कहीं ऐसा तो नहीं कि किरंदुल की कुबेर नगरी में कुर्सी का मोह कुबेर के खजाने से भी ज्यादा आकर्षक हो गया है?
फिलहाल पूरे छत्तीसगढ़ में एक नगरपालिका और दो मुख्य नगरपालिका अधिकारियों का यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह है कि शासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है और किरंदुल नगरपालिका की एक कुर्सी पर आखिरकार जिम्मेदारी किस अधिकारी को मिलती है।
अब जनता पूछ रही है…
क्या शासन का तबादला आदेश किरंदुल में लागू होगा?
वर्तमान अधिकारी को आखिर किस आधार पर पद पर बने रहने की अनुमति है?
नए पदस्थापित अधिकारी को कब पूरी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी?
सी जी संविधान न्यूज़ छत्तीसगढ़
निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता
हम खबर नहीं, सवालों के पीछे छिपी सच्चाई सामने लाते हैं!
