*किरंदुल का एकमात्र खेल मैदान शाम होते ही बन रहा शराबियों का अड्डा, सुबह सैर करने वालों की बढ़ी चिंता*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*किरंदुल का एकमात्र खेल मैदान शाम होते ही बन रहा शराबियों का अड्डा, सुबह सैर करने वालों की बढ़ी चिंता*

किरंदुल। नगर का एकमात्र प्रमुख खेल मैदान इन दिनों अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार एनएमडीसी खेल मैदान में शाम ढलते ही कुछ लोग खुलेआम शराब का सेवन करते हैं और शराब की खाली बोतलों को मैदान में ही फेंककर चले जाते हैं। कई बार बोतलों को तोड़ दिया जाता है, जिससे पूरे मैदान में कांच के टुकड़े बिखरे रहते हैं।

गौरतलब है कि यही मैदान सुबह के समय सैकड़ों लोगों के लिए स्वास्थ्य और खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यहां बच्चे खेलकूद करने, युवा व्यायाम करने तथा बुजुर्ग और महिलाएं सैर करने के लिए प्रतिदिन पहुंचते हैं। लेकिन मैदान में बिखरे कांच के टुकड़े और शराब की बोतलें लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गई हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे प्रतिदिन सुबह मैदान में घूमने आते हैं, लेकिन मैदान की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर टूटी हुई बोतलों के कांच फैले रहते हैं, जिससे किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है। खासकर बच्चों और सुबह नंगे पैर व्यायाम करने वालों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।

नागरिकों ने संबंधित प्रबंधन एवं प्रशासन से मांग की है कि खेल मैदान में नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए, शाम के समय सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाई जाए तथा मैदान में शराब सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मैदान की नियमित साफ-सफाई कर इसे खेल और स्वास्थ्य गतिविधियों के लिए सुरक्षित बनाया जाए।

नगरवासियों का कहना है कि खेल मैदान युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र होना चाहिए, न कि असामाजिक तत्वों का अड्डा। यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

– सी ज़ी संविधान न्यूज़ छत्तीसगढ़

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles