*बीजापुर : कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश – धान खरीदी में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं, वनाधिकार पत्र शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें*

बीजापुर, 18 नवंबर 2025। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पूरी तरह सुव्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता धान उपार्जन है और इसमें किसी भी तरह की अनियमितता पर एस्मा के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने सभी धान उपार्जन केंद्रों पर टोकन वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने तथा तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी चेकपोस्टों पर कर्मचारियों की 100 प्रतिशत उपस्थिति और फ्लाइंग स्क्वॉड की सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा।
वनाधिकार पत्र : कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे
कलेक्टर ने जिले के सभी पात्र हितग्राहियों को व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कोई पात्र व्यक्ति वनाधिकार पत्र से वंचित न रहे और आवेदन के समय काबिज भूमि की प्रविष्टि की पूरी पुष्टि की जाए।
नियद-नेल्लानार क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास
बैठक में नियद-नेल्लानार जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण और सभी सरकारी योजनाओं में शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के विशेष निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आत्मसमर्पित नक्सलियों एवं नक्सल पीड़ित परिवारों को सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर एवं सुगमता से उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बस्तर ओलंपिक की सफलता पर अधिकारियों को सराहना
कलेक्टर ने हाल ही में संपन्न जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक के शानदार आयोजन के लिए सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा की। साथ ही एसआईआर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने और बीएलओ सहित संलग्न अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन की तैयारियां शुरू
डीएफओ श्री रंगानाथन रामाकृष्णन वाय ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के बैंक खातों की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी और आगामी तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन-2026 की तैयारियों से संबंधी महत्वपूर्ण बिंदु साझा किए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेंद्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं जनपद सीईओ सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने अंत में कहा कि जिले का हर नागरिक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ ले, इसके लिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता से कार्य करें। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे, यही शासन की मंशा है।
