किरंदुल: बस चालक-कंडक्टर की ईमानदारी से महिला को मिला 54 हजार का पर्स
*किरंदुल। कांकेर रोडवेज के चालक और कंडक्टर ने मानवता का परिचय देते हुए एक महिला यात्री का 54 हजार रुपये वाला पर्स सकुशल वापस कर दिया।*
रायपुर से किरंदुल के लिए चलने वाली बस क्रमांक CG 19 F 1161 के कंडक्टर को रात करीब 10:30 बजे बचेली से किरंदुल के बीच एक महिला का पर्स मिला। पर्स में 54 हजार रुपये थे, लेकिन किसी भी प्रकार की पर्ची, कार्ड या मोबाइल नंबर नहीं होने से मालिक की पहचान करना मुश्किल था।
चालक ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए किरंदुल स्थित कांकेर बुकिंग एजेंट गणेश गुप्ता को रात में ही सूचना दी। पर्स को किरंदुल बुकिंग काउंटर पर सुरक्षित रख दिया गया।
अगले दिन सुबह किरंदुल निवासी एक महिला पर्स की जानकारी लेकर बुकिंग काउंटर पहुंची और अपना पर्स मांगा। पर्स में कोई पहचान प्रमाण न होने के कारण एजेंट गणेश गुप्ता ने पूरी सावधानी बरतते हुए कुछ लोगों की उपस्थिति में महिला को पर्स और उसमें रखे रुपये सकुशल वापस कर दिए।
महिला और उनके परिवार ने पर्स व पैसे मिलने पर खुशी जताई तथा कांकेर रोडवेज के स्टाफ और गणेश गुप्ता का आभार व्यक्त किया।
यह घटना सार्वजनिक परिवहन कर्मचारियों की ईमानदारी और सेवा भाव का एक सराहनीय उदाहरण है।

