*किरंदुल में पशुओं की पानी टंकी हटाने पर विवाद, वार्डवासियों में आक्रोश*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*किरंदुल में पशुओं की पानी टंकी हटाने पर विवाद, वार्डवासियों में आक्रोश*

किरंदुल। भीषण गर्मी और नवतपा के दौर में जहां लोग पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने में जुटे हैं, वहीं किरंदुल नगर के वार्ड क्रमांक 3 में पशुओं के लिए रखी गई सार्वजनिक पानी टंकी को हटाए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर वार्डवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद की मांग पर नगरपालिका परिषद किरंदुल द्वारा आवारा एवं पालतू पशुओं के लिए एक सीमेंट की पानी टंकी सार्वजनिक स्थान पर रखवाई गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस टंकी में प्रतिदिन वार्डवासी अपने घरों से पानी एवं पशुओं के लिए भोजन की व्यवस्था करते थे, जिससे गर्मी के दिनों में पशुओं को राहत मिलती थी।

वार्डवासियों का आरोप है कि मंजू मेडिकल स्टोर के संचालक मंजू मिश्रा द्वारा उक्त पानी टंकी को पिकअप वाहन में ले जाकर किसी अज्ञात स्थान पर फेंक दिया गया। घटना के बाद से वार्ड के लोग टंकी के संबंध में जानकारी मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है।

इस मामले को लेकर वार्ड पार्षद श्रीमती ठाकुर द्वारा नगरपालिका परिषद में शिकायत दर्ज कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी के कारण पशु-पक्षी पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में सार्वजनिक हित और पशु कल्याण के लिए स्थापित व्यवस्था को हटाना संवेदनहीनता का परिचायक है।

वार्डवासियों ने नगरपालिका प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा पशुओं के लिए तत्काल नई पानी टंकी की व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि सार्वजनिक उपयोग की सामग्री को मनमाने तरीके से हटाया जाता रहा तो सामाजिक और मानवीय प्रयासों को नुकसान पहुंचेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles