*किरंदुल नगरपालिका की महत्वपूर्ण सूचना एवं अपील रामाबूटी जल स्रोत में मरम्मत कार्य के कारण तीन दिनों तक जलापूर्ति प्रभावित रहेगी*
किरंदुल। नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु किरंदुल नगरपालिका द्वारा रामाबूटी प्राकृतिक जल स्रोत में नई पाइपलाइन बिछाने एवं आवश्यक मरम्मत कार्य का शुभारंभ किया जा रहा है। यह कार्य नगर की जल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
नगरपालिका प्रशासन के अनुसार मरम्मत एवं पाइपलाइन कार्य के चलते आगामी तीन दिनों तक किरंदुल नगरपालिका क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है, जिससे नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की कमी महसूस की जा सकती है।
इस संबंध में मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने नगरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मरम्मत कार्य जनहित में किया जा रहा है तथा कार्य पूर्ण होने के पश्चात जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक सुचारु एवं प्रभावी होगी। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि इस अवधि में आवश्यकतानुसार ही पानी का उपयोग करें तथा जल की अनावश्यक बर्बादी को रोकें।
नगरपालिका की अपील
पानी का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए करें।
नलों को खुला न छोड़ें एवं जल की बर्बादी रोकें।
घरों में उपलब्ध पानी का सावधानीपूर्वक उपयोग करें।
जल संरक्षण के प्रति जागरूकता दिखाते हुए नगरपालिका प्रशासन का सहयोग करें।
नगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से धैर्य एवं सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि तीन दिनों तक चलने वाले इस महत्वपूर्ण कार्य के दौरान जल संरक्षण ही सबसे बड़ा सहयोग होगा।
किरंदुल नगरपालिका की ओर से सभी नागरिकों से विनम्र निवेदन है कि “जल है तो कल है” के संदेश को अपनाते हुए जल बचाएं, जल की बर्बादी रोकें और नगरहित में चल रहे मरम्मत कार्य में प्रशासन का सहयोग करें।

