*किरंदुल : करोड़ों की लागत से बना हाट बाजार बना शराबियों का अड्डा, मुख्य बाजार अब भी सड़क पर, हादसे का इंतजार!*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*किरंदुल : करोड़ों की लागत से बना हाट बाजार बना शराबियों का अड्डा, मुख्य बाजार अब भी सड़क पर, हादसे का इंतजार!*

किरंदुल (दंतेवाड़ा)। नवरत्न कंपनी NMDC की परियोजना शहर किरंदुल में रोजाना 8-9 लाख रुपये की शराब बिकती है, लेकिन इसके बावजूद करोड़ों रुपये की लागत से बना भव्य हाट बाजार आज शाम ढलते ही मयखाना बन जाता है। अंधेरे में शराबियों का जमावड़ा, खाली दुकानों के चबूतरे पर बोतलें और गंदगी का अंबार; यही है किरंदुल के गांधीनगर हाट बाजार की वर्तमान तस्वीर।

लगभग 20 साल पहले तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र सींग ने एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इस हाट बाजार का निर्माण करवाया था ताकि शहर का मुख्य बाजार व्यवस्थित हो और सड़क से हटकर दुकानें यहाँ लगें। लेकिन आज उसी शैलेंद्र सींग की पत्नी रूबी सींग नगर पालिका अध्यक्ष हैं और उनके कार्यकाल में यह हाट बाजार पूरी तरह वीरान पड़ा है। प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं, सुरक्षा का नामोनिशान नहीं, निगरानी का तो सवाल ही नहीं उठता। नतीजा यह कि दिन ढलते ही यहाँ शराबियों का मेला लग जाता है।

दूसरी तरफ शहर का मुख्य बाजार आज भी धर्म कांटा से बस स्टैंड चौक तक मुख्य सड़क पर ही लग रहा है। सड़क के दोनों ओर दुकानें, बीच में भारी ट्रकों का आना-जाना और उस पर खराब पड़े वाहन; मौत को न्योता देने वाली यह स्थिति वर्षों से बदस्तूर जारी है।

कल शाम से एक 12 चक्का कंटेनर ट्रक (लगभग 30-35 टन लोड) सड़क के बीचों-बीच खराब खड़ा है। यह जगह तीखी चढ़ाई पर है। यदि ब्रेक फेल हुई और ट्रक पीछे लुढ़क गया तो सैकड़ों लोगों की जान जा सकती है। पहले भी कई बार भारी ट्रक यहाँ खराब हो चुके हैं, लेकिन अब तक बड़ा हादसा टलता रहा है। सवाल यह है कि अगला हादसा होने पर जिम्मेदारी कौन लेगा?

नगर पालिका अध्यक्ष रूबी सींग, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशिभूषण महापात्र, किरंदुल थाना प्रभारी या वे व्यापारी जो नगर पालिका के बार-बार मना करने के बावजूद सड़क कब्जा कर दुकानें लगाते हैं?

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाट बाजार को यदि रोशनी, सुरक्षा गार्ड और साफ-सफाई की व्यवस्था कर दी जाए तो सारा बाजार अपने आप वहाँ शिफ्ट हो जाएगा और मुख्य सड़क खाली हो जाएगी। लेकिन वर्षों से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। करोड़ों रुपये का सरकारी निर्माण शराबियों के हवाले है और आम जनता की जान सड़क पर दाँव पर।

नगर पालिका के पास NMDC से भरपूर फंड है, रोज शहर में लाखों रुपये की शराब बिक रही है, फिर भी बुनियादी सुविधाओं के नाम पर सिर्फ खोखले दावे और लापरवाही। आखिर कब तक किरंदुल की जनता हादसों का इंतजार करती रहेगी?

(स्थानीय लोग अब खुलकर कहने लगे हैं कि अगर जल्द ही गांधीनगर हाट बाजार को सक्रिय नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।)

Leave a Comment

और पढ़ें

रायपुर, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के कई रेंज के पुलिस महानिरीक्षकों (IG) तथा विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) का तबादला किया गया है।

Buzz4 Ai

Read More Articles

रायपुर, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के कई रेंज के पुलिस महानिरीक्षकों (IG) तथा विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) का तबादला किया गया है।