*दंतेवाड़ा में चक्रवात का खतरा, जिला प्रशासन ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*दंतेवाड़ा में चक्रवात का खतरा, जिला प्रशासन ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट*

दंतेवाड़ा, 26 अक्टूबर 2026। उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट पर संभावित चक्रवाती तूफान और मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर दंतेवाड़ा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। 27 अक्टूबर से दंतेवाड़ा, सुकमा सहित बस्तर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश की संभावना को देखते हुए कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिले में सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा मैदानी अमले को सतर्क रखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता संभावित आपदा के दौरान जनहानि को रोकना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में जिला एवं तहसील स्तर पर नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। मौसम की बदलती परिस्थितियों और विभागीय चेतावनियों पर लगातार निगरानी की जा रही है। राजस्व, पुलिस, नगरीय प्रशासन, पंचायत, स्वास्थ्य, विद्युत सहित आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।

संभावित प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की तैयारी

जिला प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए निचले इलाकों, जलभराव वाले क्षेत्रों और बाढ़ की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक तैयारियां की हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन बचाव कार्यों के लिए राज्य आपदा मोचन बल तथा होमगार्ड के जवानों को नाव, कटर और अन्य आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा गया है।

जल संसाधन विभाग को प्रमुख जलाशयों एवं बांधों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जल निकासी की आवश्यकता उत्पन्न होने पर निचले बहाव क्षेत्र में रहने वाले लोगों को समय रहते सूचित करने तथा आवश्यक सावधानी बरतने के लिए सतर्क किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा मौसम एवं सुरक्षा संबंधी सूचनाएं आम नागरिकों तक समय पर पहुंचाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

आम नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और अन्य जोखिमपूर्ण स्थानों से दूर रहें। अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति, जलभराव अथवा अन्य समस्या की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके। नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील भी की गई है।

आपात स्थिति में संपर्क नंबर

जिला प्रशासन ने आपातकालीन सहायता के लिए संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर जारी किए हैं। नागरिक दंतेवाड़ा के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनीष बघेल से मोबाइल नंबर 9588866187 तथा तहसीलदार परमानन्द बंजारे से 9399300463 पर संपर्क कर सकते हैं। इसी प्रकार तहसीलदार कटेकल्याण आशा मौर्य से 9424105847, तहसीलदार बचेली महेश कश्यप से 9406172376, तहसीलदार गीदम पूनम ठाकुर से 626744368, तहसीलदार बारसूर संतोष ध्रुव से 9399476685 तथा तहसीलदार कुआकोंडा गौतम गोरे से 8962330903 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 07856-252412 पर भी आपात स्थिति की सूचना दी जा सकती है।

आपदा प्रबंधन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में चक्रवात एवं संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए नोडल अधिकारी और सहायक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। अपर कलेक्टर भरतराम ध्रुव को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनसे मोबाइल नंबर 9617536306 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं, भू-अभिलेख अधीक्षक गोवर्धन को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनका संपर्क नंबर 826957754 है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि मौसम की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना दें। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संभावित चक्रवाती तूफान एवं बारिश के दौरान जनसुरक्षा और आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखा जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles