*किरंदुल: खदान मजदूर संघ ने एनएमडीसी भर्ती में स्थानीय अभ्यर्थियों के लिए 20 बोनस अंक की मांग की*
किरंदुल, 16 जून 2025: खदान मजदूर संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ), शाखा किरंदुल ने एनएमडीसी लिमिटेड की भर्ती प्रक्रिया में बस्तर संभाग के स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने के लिए 20 बोनस अंक प्रदान करने की मांग की है। इस संबंध में संघ ने एनएमडीसी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक के नाम मुख्य महाप्रबंधक संजीव साही को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रतिलिपि कैबिनेट मंत्री, दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री, बस्तर सांसद, दंतेवाड़ा विधायक, जिला कलेक्टर और मुख्य महाप्रबंधक किरंदुल को भी प्रेषित की गई है।
संघ ने मांग की है कि एनएमडीसी द्वारा विज्ञापित आर.एस.-01 के 221 और आर.एस.-02 के 276 पदों पर भर्ती के लिए बस्तर संभाग के शैक्षणिक संस्थानों से 5वीं, 8वीं और 10वीं कक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को 20 बोनस अंक दिए जाएं। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष बी. दिल्ली राव, सचिव महेंद्र कुमार, राजेंद्र यादव, दानेश्वर जोशी, उपेंद्र त्रिपाठी, सुधा बाघ, सूरमा दास, दिव्या चुन्नम और नितेश उपस्थित थे।
संघ ने बताया कि किरंदुल और बचेली परियोजनाओं में स्थानीय अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण की व्यवस्था सराहनीय है, लेकिन पिछली भर्तियों में प्रशिक्षण सामग्री के यूट्यूब और सोशल मीडिया पर वायरल होने से इसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठे हैं। सुदूरवर्ती और संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण स्थानीय युवा शैक्षणिक संसाधनों की कमी के चलते महानगरों के अभ्यर्थियों से प्रतिस्पर्धा में पिछड़ जाते हैं। बोनस अंक प्रदान करने से स्थानीय अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा और उनकी समस्याओं का समाधान होगा।
संघ ने इस मांग को लागू करने की अपील की ताकि बस्तर के युवाओं को रोजगार के अवसरों में प्राथमिकता मिल सके।

