स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल ने पूर्व कैबिनेट मंत्री महेश गागड़ा को सौंपा ज्ञापन, खेल परिसर निर्माण की रखी मांग
किरंदुल: छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व वन मंत्री एवं वर्तमान छत्तीसगढ़ राज्य वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष महेश गागड़ा के नगर आगमन पर स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल के सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया और उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य वॉलीबॉल संघ के मुखिया बनने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर क्लब के प्रतिनिधियों ने मंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर स्थानीय खिलाड़ियों की समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में किरंदुल में एक आधुनिक खेल परिसर (स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) की मांग की गई, जिसमें विभिन्न खेलों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। क्लब ने सुझाव दिया कि इस खेल परिसर में फुटबॉल, कराटे, वॉलीबॉल, लॉन टेनिस, खो-खो, कबड्डी, क्रिकेट, और इंडोर खेल जैसे बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज और तीरंदाजी की सुविधाएं होनी चाहिए, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
बैलेडीला क्षेत्र को ‘खेल
भूमि’ के रूप में पुनः पहचान दिलाने का लक्ष्य
क्लब के सदस्यों ने बताया कि लौह अयस्क से समृद्ध बैलाडीला क्षेत्र हमेशा से खेलों में अग्रणी रहा है, लेकिन उचित संसाधनों के अभाव में यहां के प्रतिभावान खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। अगर खेल परिसर का निर्माण किया जाता है, तो यह न सिर्फ जिले बल्कि प्रदेश और देश के लिए गौरव का विषय होगा।
इस दौरान स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल के सचिव खेमेश्वर लाल साहू, खेल सलाहकार विनोद तब्बूना, भूपेश्वर लाल साहू, विनोद कुमार नाग, गौरव (गोटी), खिल्लू ठाकुर, नागेश्वर राव, नीरज साहू, संतोष सरोज और विदेशी समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मंत्री से इस मांग को प्राथमिकता देकर खिलाड़ियों को उचित सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
मंत्री महेश गागड़ा ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि वे इस मांग को शासन तक पहुंचाएंगे और खेल सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

