किरंदुल: काले धूल की चपेट में, बाढ़ के जख्म अब भी हरे!
किरंदुल, दंतेवाड़ा: एनएमडीसी की बैलाडीला परियोजना के चलते पूरा किरंदुल शहर इन दिनों भारी काले-लाल धूल की मार झेल रहा है। जुलाई 2024 में आई विनाशकारी 11सी माइनिंग बाढ़ के बाद से यह समस्या और विकराल हो गई है। जिस शहर को कभी धूल-मुक्त माना जाता था, वह अब धूल के गुबार में घिर चुका है
सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र:
वार्ड क्रमांक 1, 3, 4, 5, 6, 7 और कोड़ेनार पंचायत इस संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। गौरव पथ से लेकर किरंदुल बस स्टैंड तक बाढ़ के बाद जमा हुआ काला आयरन-फाइन (लौह अयस्क का महीन चूर्ण) अब सूखकर हवा में उड़ रहा है और लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।
एनएमडीसी का दोहरा रवैया!
एनएमडीसी प्रशासन बस स्टैंड से डीएवी स्कूल तक नियमित पानी का छिड़काव कर रहा है ताकि टाउनशिप के भीतर धूल न फैले। लेकिन दूसरी ओर, बस स्टैंड से कोड़ेनार पंचायत तक चलने वाले भारी ट्रकों की आवाजाही नगर पालिका क्षेत्र को धूल से ढक रही है। हालात यह हैं कि अब लोगों को अपने घरों में भी एनएमडीसी का ‘काला सोना’ दिखाई देने लगा है।
धूल से बचने के लिए मास्क पहनने की नौबत!
किरंदुल के लोग अब पहली बार धूल से बचने के लिए मास्क पहनने को मजबूर हैं। लेकिन नगर पालिका क्षेत्र में न पानी का छिड़काव हो रहा है, न ही कोई ठोस कदम उठाए गए हैं।
क्या फिर दोहराएगा इतिहास?
मार्च का आधा महीना बीत चुका है, और कुछ ही महीनों में मानसून लौट आएगा। बीते साल की बाढ़ से टूटी नालियां आज भी जस की तस पड़ी हैं। लोक निर्माण विभाग ने सिर्फ लीपापोती कर मरम्मत दिखाने का प्रयास किया है।
बाढ़ मुआवजा मिलते ही खत्म हो गया डर?
पिछले साल जिन लोगों को बाढ़ से भारी नुकसान हुआ, उन्हें मुआवजा दिया गया था। लेकिन अब हालात यह हैं कि ना प्रशासन चिंतित है, ना ही बाढ़ पीड़ित। ऐसा लगता है मानो लोग दोबारा बाढ़ और मुआवजे का इंतजार कर रहे हैं।
एन एम डी सी का अधूरा वादा!
बाढ़ के बाद एनएमडीसी ने *नालियों के चौड़ीकरण और जल निकासी सुधारने का वादा किया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।* अगर यही हालात रहे, तो *आने वाले मानसून में फिर से जल सैलाब शहर को तबाह करने के लिए तैयार रहेगा।
अब जरूरी है ठोस कदम!
प्रशासन को अब फौरी कार्रवाई करनी होगी। धूल नियंत्रण, पानी का छिड़काव, नालियों की मरम्मत और जल निकासी प्रबंधन को प्राथमिकता देनी होगी। वरना किरंदुल की जनता को फिर एक और आपदा के लिए तैयार रहना होगा!
नगरपालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सींग
नगर के लिऐ ये एक बहुत बड़ी गंभीर चिंता का विषय हैं किरंदुल मे पिछले बार आये बाढ़ के लिऐ हमारे द्वारा एन एम डी के अधिकारी और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के साथ जा कर जगह का जायजा लिया जाएगा उसके बाद बाढ़ के कारणों का पता लगाया जाएगा और भविष्य मे बाढ़ दुबारा की स्थिति उत्पन्न ना हो इसके लिऐ एन एम डी सी ने क्या तैयारी की हैं और उस पर चर्च की जाएगी अगर इस पे अब तक कोई तैयारी नहीं की गयी हैं तो इसका ज़िमेदारी कौन होगा बरसात 3 महीने मे आने वाला हैं और ऐसे हमारे लिऐ चुनौती भरा समय होगा
पार्षद वार्ड क्र 4 अमृत टंडन
नगर के लिऐ बड़े ही विडम्बना का विषय हैं किरंदुल इन दिनों धुल से भर गया हैं कुछ महीनों मे बारिश प्रारम्भ होगा और फिर से बाढ़ आ सकता हैं और एन एम डी सी को तत्काल कोई ठोस कदम उठाने की जरुरत हैं
उपसरपंच कोड़ेनार ग्रामपंचायत
तपन दास ने कहा की जिला प्रशासन से वार्तालाफ कर परेशानी के लिऐ चर्चा कर उचित व्यवस्था की जाएगी




