*किरंदुल बाजार अतिक्रमण मुक्त: कलेक्टर–एसपी की पहल से पुलिस प्रशासन की बड़ी चुनौती समाप्त*
किरंदुल (दंतेवाड़ा): जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त पहल पर किरंदुल बाजार से अतिक्रमण हटाया गया। इस कार्रवाई से पुलिस प्रशासन की लंबे समय से चली आ रही बड़ी चुनौती समाप्त हो गई है। अब एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और पुलिस गश्ती वाहन आसानी से बाजार के अंदर तक पहुंच सकते हैं। स्थायी व्यापारी, दोनों व्यापारी संगठन और ग्रामीण आदिवासी इस कदम से बेहद खुश हैं।
एनएमडीसी ने किरंदुल और आसपास के आदिवासी ग्रामीणों के लिए सब्जी-उपज बेचने हेतु टीन शेड बनवाया था। लेकिन कुछ लोगों ने उस पर अतिक्रमण कर लिया और बाजार के मुहाने को भी जाम कर दिया। नतीजा यह हुआ कि ग्राहकों के आने-जाने का रास्ता बंद हो गया, आदिवासियों को सड़क किनारे खतरे के बीच बैठना पड़ा और आपात सेवाओं के लिए रास्ता नहीं बचता था। पूरा बाजार कुछ लोगों के दबाव में परेशान था।
दोनों व्यापारी संघों और गांव के सरपंच ने जिला प्रशासन से मांग की थी कि ग्रामीणों को उनकी जगह वापस दिलाई जाए। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कुछ दिन पहले संयुक्त बैठक कर सुरक्षा की दृष्टि से अतिक्रमण हटाने के स्पष्ट आदेश जारी किए। उसी के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरा बाजार अतिक्रमण मुक्त कर दिया।
अब स्थिति पूरी तरह बदल गई है। पुलिस गश्ती वाहन नियमित रूप से बाजार में पहुंच रहे हैं। एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन बिना किसी बाधा के अंदर तक जा सकते हैं। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और पुलिस प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती समाप्त हो गई है। स्थायी व्यापारी बता रहे हैं कि उन्होंने लाखों रुपये खर्च कर दुकानें खरीदी या बनाई हैं और वैध व्यापार कर रहे हैं। वे प्रशासन की इस कार्रवाई से संतुष्ट हैं। उनका कहना है कि किरंदुल पहली ऐसी नगरपालिका है जहां मुख्य सड़क से हटाए गए लोगों को चौपाटी में जगह दी जा रही है।
बाजार अब बाजार जैसा लग रहा है। ग्राहक खुश हैं, आना-जाना आसान हो गया है और लोग अपनी गाड़ियों से आसानी से आ-जा सकते हैं। किरंदुल के आम नागरिक भी इस कार्रवाई की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार कुछ अतिक्रमणकारियों द्वारा धरना-प्रदर्शन और रोड पर बैठने की बात कही जा रही है, लेकिन दोनों व्यापारी संघ और बाजार के स्थायी व्यापारी प्रशासन के साथ मजबूती से खड़े हैं। पूरा किरंदुल मांग कर रहा है कि बाजार अब इसी तरह खुला, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त रहे।
जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को स्थानीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

