*एनएमडीसी परियोजना अस्पताल में मरीज के साथ आए लोगों का अभद्र व्यवहार, महिला नर्स से अपमानजनक टिप्पणी का आरोप*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*एनएमडीसी परियोजना अस्पताल में मरीज के साथ आए लोगों का अभद्र व्यवहार, महिला नर्स से अपमानजनक टिप्पणी का आरोप*

किरंदुल | 22 नवंबर की रात 10 से 10:30 बजे के बीच की घटना

किरंदुल। एनएमडीसी किरंदुल परियोजना अस्पताल में 22 नवंबर 2026 की रात मरीज के उपचार के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। मरीज के साथ अस्पताल पहुंचे कुछ लोगों पर ड्यूटी में तैनात महिला नर्स एवं अन्य महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। महिला कर्मचारियों के अनुसार, मरीज के साथ आए लोगों का व्यवहार उचित नहीं था और विवाद के दौरान एक महिला नर्स के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, माहरा होऊरणार क्षेत्र से कुछ लोग पैर में चोट लगे एक मरीज को रात लगभग 10 बजे के बाद एनएमडीसी परियोजना अस्पताल लेकर पहुंचे थे। मरीज के उपचार में शीघ्रता को लेकर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक और मरीज के साथ आए लोगों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।

उस समय अस्पताल में महिला नर्सों एवं ठेका श्रमिक महिला कर्मचारियों की ड्यूटी थी। महिला कर्मचारियों का आरोप है कि मरीज के साथ आए कुछ लोग अत्यधिक आक्रोशित थे और अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों से विवाद कर रहे थे।

महिला नर्स के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणी

महिला कर्मचारियों के अनुसार, विवाद के दौरान मरीज के साथ आए किसी एक व्यक्ति ने महिला नर्स के लिए कथित तौर पर अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा—

*“तुम लोग क्या मुजरा कर रहे हो, लिपस्टिक लगाकर, जो वीडियो बनाएंगे।”*

इस कथित टिप्पणी के बाद विवाद और बढ़ गया। महिला कर्मचारियों का कहना है कि मरीज के साथ आए लोगों का इस प्रकार का व्यवहार अस्पताल में सेवा दे रही महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल की ओर से किरंदुल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।

अस्पताल में सुरक्षा है, लेकिन और मजबूत करने की जरूरत

अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मौजूद है, लेकिन इस घटना ने यह स्पष्ट किया है कि रात्रिकालीन समय में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है। अस्पताल में डॉक्टर, नर्स और अन्य कर्मचारी मरीजों की सेवा के लिए रात-दिन ड्यूटी करते हैं। ऐसे में मरीज के साथ आने वाले लोगों द्वारा कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार किया जाना गंभीर चिंता का विषय है।

यह मामला केवल सुरक्षा व्यवस्था का नहीं, बल्कि अस्पताल में कार्यरत महिला कर्मचारियों के सम्मान और गरिमा का भी है। मरीज का उपचार कराना आवश्यक है, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों या महिला कर्मचारियों के साथ अनुचित व्यवहार करना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

महिला कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपा आवेदन

घटना के बाद अस्पताल की महिला कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लिखित आवेदन सौंपते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने की मांग की है। साथ ही रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की मांग भी की गई है।

महिला कर्मचारियों की मांग है कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी कर्मचारी को इस प्रकार के अभद्र व्यवहार का सामना न करना पड़े।

अस्पताल में मरीज के साथ आने वाले परिजनों और अन्य लोगों से अपेक्षा की जाती है कि वे चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के साथ सहयोग करें। उपचार में देरी या किसी समस्या को लेकर अपनी बात रखना उनका अधिकार है, लेकिन आक्रोश में आकर महिला कर्मचारियों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना और विवाद खड़ा करना उचित नहीं है।

एनएमडीसी अस्पताल प्रबंधन को महिला कर्मचारियों की शिकायत पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही अस्पताल की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

सवाल यह है कि मरीजों की सेवा में जुटी महिला कर्मचारियों के सम्मान की जिम्मेदारी कौन लेगा? अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को यह समझना होगा कि अस्पताल सेवा का स्थान है, विवाद और अभद्रता का नहीं।

*सी जी संविधान न्यूज़ छत्तीसगढ़ | जनता की आवाज़, सच्चाई की आवाज*

 

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles