*डी ए वी पब्लिक स्कूल किरंदुल में किड्स कार्निवल का भव्य आयोजन*
किरंदुल। डी ए वी पब्लिक स्कूल किरंदुल में सत्र 2026-27 के दौरान नन्हें-मुन्ने बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें मंच प्रदान करने के उद्देश्य से “किड्स कार्निवल लिटिल हार्ट्स, बिग ड्रीम्स सीज़न-दो” का अत्यंत भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। पूरा कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नमिता नारायण (अध्यक्षा, महिला प्रेरणा समिति) रहीं। विशिष्ट अतिथियों में जयंती दास (उपाध्यक्षा), नंदना प्रिया (सचिव), उदिता श्रीवास्तव तथा महिला प्रेरणा समिति की अन्य सदस्य कुमकुम मौरासिया, कृष्णा वर्मा, प्रतिभा चन्नबसप्पा और कामायनी कलिहारी उपस्थित रहीं।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत और पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत एक मनमोहक स्वागत गीत से हुई। इसके बाद स्कूली बच्चों ने पहाड़ी नृत्य, विभिन्न राज्यों के रंग-बिरंगे लोक नृत्य और बंगाली लोक नृत्य की सजीव प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों ने सामाजिक संदेश, धार्मिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक लघु नाटिका का भी मंचन किया। सुमधुर श्लोक पाठ और ऊर्जावान आदिवासी नृत्य ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।
कक्षा तीसरी से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा एक भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विभिन्न विषयों से संबंधित मॉडल और प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया गया। इसे अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभावान छात्रा वैष्णवी दीक्षित को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘बहुमुखी प्रतिभा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
प्राचार्य एस. के. श्रीवास्तव ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि इस प्रकार के आयोजन नन्हें बच्चों में आत्मविश्वास जगाने और उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सभी अभिभावकों तथा अतिथियों का स्वागत किया।
नंदना प्रिया ने बच्चों की अंतर्निहित प्रतिभाओं की सराहना की और कहा कि कार्निवल जैसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। मुख्य अतिथि नमिता नारायण ने अपने संबोधन में बच्चों के प्रयासों, कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षिका निधि मिस्त्री और रुक्मणी साहू ने कुशलतापूर्वक किया। अंत में शिक्षिका शीना बीनू ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। यह कार्निवल बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने और उनकी प्रतिभा को सराहने का एक यादगार उत्सव बना।

