*किरंदुल पुलिस ने चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया, वेल्डिंग मशीन सहित माल बरामद*
दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़)। थाना किरंदुल पुलिस ने चोरी के एक मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा चंद्रमोहन सिंह (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा जितेंद्र कुमार खूंटे के मार्गदर्शन और एसडीओपी किरंदुल अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं आरोपियों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई।
प्रार्थी ने थाना किरंदुल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19-20 अगस्त 2026 की रात के.व्ही.एस. गोदाम पेट्रोल पंप के पास किरंदुल स्थित उनके गोदाम की दीवार तोड़कर एमएस प्लेट (छोटा-बड़ा), एंकर बोल्ट, वेल्डिंग मशीन, दो मोबाइल फोन और अन्य लोहे के स्क्रैप चोरी कर लिए गए। चोरी की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 61,800 रुपये बताई गई।
रिपोर्ट के आधार पर थाना किरंदुल में अपराध क्रमांक 54/2026 धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। गहन जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपी से पूछताछ में उसने चोरी स्वीकार की। इसके बाद उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी छोटू कड़ती (उम्र 25 वर्ष), पिता मंगू कड़ती, निवासी ग्राम मदाड़ी पटेलपारा, थाना टिकनपाल है।
बरामद माल में वेल्डिंग मशीन, केबल वायर, लोहे का एंगल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल शामिल हैं।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक हेमशंकर गुनेन्द्र, पीएसआई हेमचंद पटेल, पीएसआई सूरज गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक मनबोध पोयाम, आरक्षक 405 धनंजय गंजीर और आरक्षक 131 जोगा कुंजाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
