*शहीद महेंद्र कर्मा पार्क की पहचान बनाए रखने की मांग, प्रतिमा स्थापना को लेकर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल*
किरंदुल। दंतेवाड़ा जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि राजू रेड्डी ने शहीद महेंद्र कर्मा पार्क की मूल पहचान को बनाए रखने तथा पार्क में शहीद महेंद्र कर्मा की प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में बस्तर के लोकप्रिय जननेता एवं “बस्तर टाइगर” के नाम से विख्यात स्वर्गीय शहीद महेंद्र कर्मा की स्मृति में किरंदुल में इस पार्क की परिकल्पना की गई थी। पार्क का शिलान्यास, निर्माण स्वीकृति तथा उद्घाटन भी उनके नाम से ही किया गया था।
राजू रेड्डी ने आरोप लगाया कि वर्तमान में पार्क में विभिन्न परिवर्तन किए जा रहे हैं, जबकि अब तक शहीद महेंद्र कर्मा की प्रस्तावित प्रतिमा स्थापित नहीं की गई है। उनका कहना है कि यह स्थिति महेंद्र कर्मा के योगदान और उनसे जुड़ी जनभावनाओं की अनदेखी के समान है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज के गौरव एवं बस्तर की पहचान चेंदरू राम मंडावी के सम्मान को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उनका कहना है कि यदि पार्क परिसर में चेंदरू राम मंडावी की प्रतिमा स्थापित की गई है, तो उसी स्थल पर शहीद महेंद्र कर्मा की प्रतिमा भी सम्मानजनक तरीके से स्थापित की जानी चाहिए।
पूर्व सांसद प्रतिनिधि ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि पार्क की मूल पहचान को बरकरार रखते हुए शहीद महेंद्र कर्मा की प्रतिमा जल्द स्थापित की जाए तथा पार्क के नाम में किसी प्रकार का बदलाव न किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी महापुरुष के सम्मान के नाम पर दूसरे महापुरुष की स्मृतियों को कमजोर करने का प्रयास उचित नहीं माना जाएगा।
राजू रेड्डी ने चेतावनी दी कि यदि शहीद महेंद्र कर्मा के सम्मान और पार्क की मूल अवधारणा से छेड़छाड़ की गई तो दंतेवाड़ा जिले सहित पूरे बस्तर संभाग में जनाक्रोश देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि जनता अपने नेताओं और शहीदों के सम्मान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने के लिए तैयार है।

