*किरंदुल: खदान मजदूर संघ ने एनएमडीसी सीएमडी के नाम सौंपा 7 सूत्रीय मांग पत्र*
किरंदुल। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध खदान मजदूर संघ शाखा किरंदुल ने एनएमडीसी लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक के नाम 7 सूत्रीय मांग पत्र स्थानीय परियोजना प्रबंधन को सौंपा है। यूनियन अध्यक्ष बी दिल्ली राव और सचिव राजेंद्र यादव द्वारा संयुक्त हस्ताक्षरित इस ज्ञापन में कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों से जुड़े कई लंबित मुद्दों को उठाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि विगत वित्तीय वर्ष में एनएमडीसी ने लौह अयस्क उत्पादन में 50 मिलियन टन से अधिक का कीर्तिमान स्थापित कर पूरे देश की पहली कंपनी बनने का गौरव हासिल किया। इसके बावजूद कर्मचारियों को अब तक वार्षिक उपहार और प्रोत्साहन पुरस्कार की घोषणा नहीं की गई है। संघ ने श्रमिकों के उत्साहवर्धन के लिए इसकी शीघ्र घोषणा की मांग की है।
पुनरीक्षित वेतन समझौते के बाद मिलने वाले भत्तों, विशेषकर सीईए और अन्य अनुलाभों संबंधी संशोधित कार्यालय आदेश जल्द जारी करने की भी मांग की गई है। आरएस-04 पद पर नवनियुक्त प्रशिक्षु कर्मचारियों को संशोधित स्टाइपेंड और उसकी बकाया राशि देने, एल-01 तथा एल-02 समेत रिक्त पदों पर नियमित कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की बात कही गई है।
परियोजना अस्पताल की सुविधाओं का उन्नयन और निजीकरण के बाद दवा वितरण में आ रही समस्याओं का जल्द निराकरण करने की मांग भी शामिल है। ठेका श्रमिकों और सुरक्षा प्रहरियों के लिए पूर्व चर्चा के अनुसार लंबित कल्याणकारी योजनाएं लागू करने तथा हर महीने 10 तारीख तक उनका वेतन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई है।
संघ ने यह भी कहा है कि स्थापना दिवस पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय उस राशि को श्रमिकों के उपहार में शामिल किया जाए या स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने में उपयोग किया जाए।
यह मांग पत्र किरंदुल परियोजना के पीएमसी को सौंपा गया। इस अवसर पर यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष दानेश्वर जोशी, विराट अवस्थी, लिषांश सिंह, लक्ष्मीनाथ पोयाम, धर्मेंद्र सिन्हा, दिलीप शेट्टी, आकाश माझी, सुधा बाघ, सूरमा दास, प्रीति दूधी और दिव्या चुन्नम मौजूद रहे।
