*किरंदुल: भारतीय मजदूर संघ की विचारधारा से प्रभावित होकर श्रमिकों ने ग्रहण की केएमएस की सदस्यता*
किरंदुल, 28 मई 2025: राष्ट्रहित, उद्योग हित और श्रमिक हित की विचारधारा पर आधारित विश्व की सबसे बड़ी ट्रेड यूनियन, भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की प्रेरणा और वेज रिवीजन के लिए किए गए समर्पित प्रयासों से प्रभावित होकर एनएमडीसी के श्रमिकों ने अन्य ट्रेड यूनियनों की सदस्यता त्यागकर बीएमएस से संबद्ध खदान मजदूर संघ (केएमएस) शाखा किरंदुल की सदस्यता ग्रहण की। यह आयोजन बस्तर लोकसभा क्षेत्र के यशस्वी सांसद महेश कश्यप के कर कमलों द्वारा केसरिया गमछा धारण करवाने के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर बीएमएस के वरिष्ठ पदाधिकारी, भाजपा के मंडल अध्यक्ष विजय सोढ़ी, नगरपालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह सहित खदान मजदूर संघ के दानेश्वर जोशी, उपेंद्र त्रिपाठी, प्रीती दूधी,अनूप बिश्वास, सुधा बाघ, सूरमा दास और केसर कोर्राम उपस्थित रहे। सांसद महेश कश्यप, बीएमएस अध्यक्ष बी. दिल्ली राव, सचिव महेंद्र कुमार और राजेंद्र यादव ने नवजात सदस्यों बासुदेव साहू, शेख समीर और नरोत्तम का स्वागत करते हुए श्रमिक हितों के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।
विजय सोढ़ी और रूबी शैलेन्द्र सिंह ने इस कदम की सराहना करते हुए नवजात सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। यह घटना किरंदुल में श्रमिकों के बीच बीएमएस की बढ़ती स्वीकार्यता और प्रभाव को दर्शाती है, जो श्रमिक कल्याण और उद्योग हित में एक नया अध्याय जोड़ती है।

