*दंतेवाड़ा: अनिश्चितकालीन धरने के बीच एनएमडीसी की चुप्पी, प्रशासन और पुलिस ही संभाल रहे हैं मोर्चा*
दंतेवाड़ा। एनएमडीसी चेकपोस्ट के बाहर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के दौरान कंपनी के अधिकारियों की भूमिका लगभग नदारद नजर आ रही है। पूरे धरने के बीच चेकपोस्ट पर महज एक से दो अधिकारियों को तैनात किया गया है, जिनका काम सिर्फ कर्मचारियों की पहचान करके उन्हें अंदर ले जाना है। धरना स्थल पर चर्चा या कोई बातचीत करने के लिए एनएमडीसी का कोई वरिष्ठ अधिकारी या प्रतिनिधि आगे नहीं आया।
धरना स्थल का माहौल देखकर साफ लगता है कि एनएमडीसी का पूरा ध्यान केवल खनन और उत्पादन पर केंद्रित है। कंपनी के अधिकारी अपने घरों में चैन की नींद सो रहे हैं, जबकि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन धरने को संभालने में दिन–रात जुटे हुए हैं। ऐसा आभास हो रहा है मानो प्रदर्शन एनएमडीसी चेकपोस्ट के बजाय जिला कलेक्टर कार्यालय या छत्तीसगढ़ सरकार के किसी कार्यालय के सामने हो रहा हो।
जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी लगातार बनी हुई है। वे धरना स्थल पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को नियंत्रित रखने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। वहीं एनएमडीसी की ओर से कोई सक्रिय भागीदारी या संवाद की पहल दिखाई नहीं दे रही है।
स्थानीय प्रशासन की मेहनत और धैर्य की तारीफ की जा रही है, जो बिना किसी व्यवधान के स्थिति को संभाले हुए है।
(स्थानीय निरीक्षण और धरना स्थल से मिली जानकारी पर आधारित)

