*किरंदुल एनएमडीसी परियोजना अस्पताल: अमृत फार्मेसी के उद्घाटन के बाद भी दवाइयों की भारी किल्लत, स्थानीय दुकानें ताले की कगार पर*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*किरंदुल एनएमडीसी परियोजना अस्पताल: अमृत फार्मेसी के उद्घाटन के बाद भी दवाइयों की भारी किल्लत, स्थानीय दुकानें ताले की कगार पर*

 

किरंदुल। एनएमडीसी परियोजना अस्पताल में कुछ दिनों पहले अमृत फार्मेसी का उद्घाटन बड़े धूमधाम से किया गया था। उद्घाटन के समय आश्वासन दिया गया था कि महज दो दिनों में सभी जरूरी दवाइयां उपलब्ध हो जाएंगी। लेकिन एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी हालात जस-के-तस हैं। मरीज और उनके परिजन घंटों लंबी कतारों में खड़े रहकर इंतजार करने को मजबूर हैं।

फार्मेसी काउंटर पर उपलब्ध दवाइयों की सूची देखने के बाद कई दवाइयों के बारे में साफ बता दिया जाता है कि वे उपलब्ध नहीं हैं। इसके बजाय 2 से 4 दिन, कभी-कभी 5 दिन का समय बता दिया जाता है। कई मरीज और परिजन काउंटर पर बहस करते नजर आए। उनका कहना था कि जो दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें पर्ची में लिख दिया जाए ताकि वे बाहर से खरीद सकें। लेकिन अमृत फार्मेसी के कर्मचारियों का जवाब एक ही है—अस्पताल प्रबंधन ने साफ मना किया है कि पर्ची पर “दवा उपलब्ध नहीं” जैसी कोई टिप्पणी न लिखी जाए। सिर्फ इंतजार करने को कहा जाए।

बीमार व्यक्ति के लिए दवाई कोई विलासिता या स्वाद की चीज नहीं होती। तत्काल जरूरत पड़ने पर 4-5 या 10 दिन का इंतजार जानलेवा साबित हो सकता है। यह व्यवस्था सुविधा देने के नाम पर असुविधा बढ़ाने वाली लगती है।

स्थानीय दवाई दुकानों पर सबसे बड़ा असर

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा प्रभावित किरंदुल के खुले बाजार की चार दवाई दुकानें हो रही हैं। ये दुकानें अस्पताल से महज 100 से 200 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। दुकानदारों का कहना है कि पहले भी अस्पताल में कई दवाइयां नहीं रहती थीं, लेकिन तब पर्ची पर साफ लिख दिया जाता था कि दवा उपलब्ध नहीं है। मरीज या परिजन सीधे इन दुकानों से दवाइयां खरीद लेते थे।

अमृत फार्मेसी खुलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पर्ची पर कुछ भी लिखने पर रोक लगा दी है। नतीजा यह है कि अब कोई मरीज इन दुकानों तक नहीं पहुंच रहा। दुकानदार सुबह दुकान खोलते हैं और शाम-रात तक एनएमडीसी अस्पताल की पर्ची का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन कोई नहीं आता।

एक दुकानदार ने कहा, “हमारे दुकानों में ताला लगने की नौबत आ गई है। इन चार दुकानों से सैकड़ों घरों का भरण-पोषण होता है। स्थानीय रोजगार की बात करने वाला एनएमडीसी प्रबंधन और प्रशासन एक तरफ रोजगार बढ़ाने की बात करता है, दूसरी तरफ सालों से चल रही इन दुकानों को बंद होने के कगार पर ला खड़ा कर दिया है।”

कर्मचारियों पर भी असर

अमृत फार्मेसी खुलने के बाद नियमित कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों में से कई लोग फार्मेसी से अलग हो गए हैं। आम नागरिकों के साथ-साथ एनएमडीसी के अपने कर्मचारी भी 8-10 दिन तक दवाइयों का इंतजार करने को मजबूर हैं।

पूरे घटनाक्रम से यह सवाल उभरकर सामने आ रहा है कि क्या अमृत फार्मेसी के नाम पर मरीजों को तत्काल दवाइयां उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत हुई है या फिर स्थानीय छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी छीनकर और मरीजों को लंबा इंतजार करने पर मजबूर करके असुविधा बढ़ाई जा रही है। स्थानीय बाजार और मरीजों दोनों के हितों के बीच संतुलन कैसे बनेगा—यह सवाल अब प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन के सामने है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles