*किरंदुल बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दें जिला कलेक्टर! मुख्य मार्ग पर अवैध अतिक्रमण से दोपहिया वाहनों का प्रवेश तक मुश्किल, आपातकाल में कैसे पहुंचेगी एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड?*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*किरंदुल बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दें जिला कलेक्टर! मुख्य मार्ग पर अवैध अतिक्रमण से दोपहिया वाहनों का प्रवेश तक मुश्किल, आपातकाल में कैसे पहुंचेगी एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड?*

अतिक्रमण हटाने के निर्देशों के बीच किरंदुल बाजार की बदहाल स्थिति पर उठे सवाल, बाजार के मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग।

दंतेवाड़ा, 18 नवंबर 2026।

जिला कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, अतिक्रमण हटाने और आवारा पशुओं की रोकथाम को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने गीदम सहित प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने, आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करने, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ विकसित करने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह, अपर कलेक्टर श्री भरतराम ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र खुटे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

लेकिन सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन की नजर किरंदुल नगरपालिका क्षेत्र के मुख्य बाजार की बदहाल व्यवस्था पर भी पड़ेगी?

दंतेवाड़ा जिले के औद्योगिक नगरी किरंदुल का मुख्य बाजार इन दिनों अवैध अतिक्रमण और अव्यवस्थित दुकानों के कारण गंभीर समस्या से जूझ रहा है। बाजार के मुख्य मार्ग पर जगह-जगह दुकानों के सामने सामान फैलाकर रखने, अस्थायी कब्जों और सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण आवागमन का रास्ता लगातार संकरा होता जा रहा है। स्थिति ऐसी बन गई है कि दोपहिया वाहन लेकर भी बाजार के भीतर प्रवेश करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में पैदल चलने वाले नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

जब दोपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल है, तो आपातकाल में एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन कैसे पहुंचेंगे?

यह सवाल केवल यातायात व्यवस्था का नहीं, बल्कि सीधे तौर पर आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। बाजार क्षेत्र में यदि अचानक आगजनी, दुर्घटना या कोई गंभीर चिकित्सा आपातकालीन स्थिति निर्मित होती है तो संकरे रास्तों और अतिक्रमण के कारण अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस यहां तक कि पुलिस वाहन और शव वाहन को भी मौके तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। ऐसी स्थिति में कुछ मिनटों की देरी भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित न रहे

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर द्वारा अतिक्रमण हटाने को लेकर दिए गए निर्देश स्वागत योग्य हैं। लेकिन अब जरूरत है कि इन निर्देशों का प्रभाव किरंदुल के मुख्य बाजार में भी दिखाई दे। नगरपालिका प्रशासन को बाजार का स्थलीय निरीक्षण कर मुख्य मार्ग की वास्तविक स्थिति का आकलन करना चाहिए। सड़क और सार्वजनिक आवागमन की जगह पर किए गए अवैध कब्जों को नियमानुसार हटाकर रास्ते को पूरी तरह सुगम बनाया जाना चाहिए।

साथ ही बाजार में आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त चौड़ाई वाला रास्ता सुनिश्चित किया जाए। अग्निशमन सुविधा, प्राथमिक सुरक्षा इंतजाम और आवश्यक स्थानों पर आपातकालीन पहुंच के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।

कलेक्टर से स्थानीय नागरिकों की मांग

किरंदुल के मुख्य बाजार की स्थिति को देखते हुए जिला कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव से मांग है कि वे सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों के तहत किरंदुल बाजार का भी संज्ञान लें और संबंधित नगरपालिका अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दें।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के बीच यह चर्चा और चिंता का विषय है कि बाजार में अतिक्रमण के कारण सामान्य आवागमन तक बाधित हो रहा है। ऐसे में प्रशासन को बिना किसी भेदभाव के नियमों के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही दुकानदारों और व्यापारियों को भी सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण नहीं करने की जिम्मेदारी समझनी होगी।

सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि आपातकाल में जीवन बचाने का रास्ता भी है।

किरंदुल बाजार को अतिक्रमण मुक्त करना किसी एक व्यक्ति या व्यापारी के हित का विषय नहीं, बल्कि पूरे नगर की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा है। अब देखना होगा कि जिला कलेक्टर के सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों के बाद किरंदुल के मुख्य बाजार में भी प्रशासनिक कार्रवाई होती है या फिर नागरिकों को इसी अव्यवस्था के बीच आवागमन करने के लिए मजबूर रहना पड़ेगा।

सी जी संविधान न्यूज़ छत्तीसगढ़

हम खबर नहीं, सच्चाई निकालकर लाते हैं।

निष्पक्ष • निर्भीक • निडर पत्रकारिता

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles