*किरंदुल में शुरू हुई “सीमेंट की खेती”! गड्ढों में गिट्टी-व्हाइट डस्ट डालकर ऊपर से सीमेंट छिड़का, अब सड़क पर फसल लहलहा रही है*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*किरंदुल में शुरू हुई “सीमेंट की खेती”! गड्ढों में गिट्टी-व्हाइट डस्ट डालकर ऊपर से सीमेंट छिड़का, अब सड़क पर फसल लहलहा रही है*

 

दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल गौरव पथ पर पिछले एक हफ्ते से एक अनोखा कृषि प्रयोग चल रहा है। लोक निर्माण विभाग दंतेवाड़ा ने ठेकेदार के हाथों “सीमेंट की खेती” का चमत्कार करवा दिया है। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों की जुबानी सुनकर लोग अचंभे में पड़ गए हैं।

गौरव पथ पहले से ही गड्ढों से पटा पड़ा था। कुछ लोग तो कहते हैं कि “सड़क में गड्ढे नहीं, गड्ढों में सड़क है।” विभाग ने ठेकेदार को गड्ढे भरने का काम सौंपा। ठेकेदार साहब ने खेती का नया तरीका निकाला—पहले गड्ढों में गिट्टी डाली, फिर व्हाइट डस्ट की परत बिछाई और आखिर में ऊपर से सीमेंट का छिड़काव कर दिया। मानो बोया हुआ सीमेंट अब उग आएगा!

परिणाम? गड्ढे तो भरे नहीं, लेकिन गिट्टी और धूल अब गाड़ियों की आवाजाही से चारों तरफ बिखर रही है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह “फसल” जानलेवा साबित हो रही है। थोड़ी तेज रफ्तार में चलो तो गिट्टी उड़कर आंखों में घुसने को तैयार बैठती है।

किरंदुल में इस नई “सीमेंट की पैदावार” की खूब तारीफ हो रही है। लोग मजाक में कह रहे हैं—अब तो मानसून में सीमेंट की फसल और अच्छी होगी, बारिश के पानी से और हरी-भरी हो जाएगी!

लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार की इस कृषि क्रांति पर किरंदुल वाले अभी तक ताली बजा रहे हैं… या फिर सिर पकड़कर बैठे हैं, यह साफ नहीं है। लेकिन एक बात तय है—गौरव पथ अब सिर्फ सड़क नहीं, सीमेंट की खेती का मॉडल फार्म बन चुका है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles