*किरंदुल: एनएमडीसी अस्पताल में नशे में धुत एम्बुलेंस चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा, बाउंड्री वॉल टूटी*
किरंदुल। एनएमडीसी परियोजना अस्पताल में प्राइवेट एम्बुलेंस चालक की गंभीर लापरवाही के कारण बड़ा हादसा हो गया। एम्बुलेंस क्रमांक CG 17 LC 7437 ने अस्पताल की बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया।
हादसे के बाद वाहन चालक आयतु से पूछताछ में उसने खुद स्वीकार किया कि वह अत्यधिक शराब पीकर वाहन चला रहा था। उसे खुद भी याद नहीं कि एम्बुलेंस कब और कैसे दीवार से टकराई। यह स्पष्ट रूप से चालक की घोर लापरवाही और नशे में ड्यूटी पर रहने का मामला है।
गनीमत रही कि हादसा अस्पताल परिसर के अंदर ही हुआ। अगर यह एम्बुलेंस अस्पताल क्षेत्र से निकलकर बाहर सड़क पर चली जाती तो यह मौत का वाहन बन सकती थी। हादसे के समय एम्बुलेंस में कोई मरीज नहीं था, जिससे और बड़ी त्रासदी टल गई।
अस्पताल प्रशासन और पुलिस को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। नशे में एम्बुलेंस चलाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। ऐसे मामलों में चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और एम्बुलेंस संचालक एजेंसी की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

