*किरंदुल NMDC टाउनशिप में पहली बार भारी बारिश से जलभराव, घरों में घुसा पानी*
किरंदुल (दंतेवाड़ा): आज सुबह किरंदुल में हुई भारी बारिश ने NMDC टाउनशिप में पहली बार जलसैलाब का मंजर पेश किया। अम्बेडकर पार्क के सामने स्थित कॉलोनी में पानी का प्रकोप इतना बढ़ा कि मुख्य सड़क पर एक फुट से अधिक पानी बहने लगा और आसपास की NMDC कॉलोनी के कुछ घरों में पानी घुस गया।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, NMDC 11सी माइनिंग से निकलने वाला पानी सामान्यतः अम्बेडकर पार्क से होते हुए नाले के रास्ते निकलता था। आज पहली बार इतना ओवरफ्लो हुआ कि पार्क के सामने मेन रोड पर तेज बहाव बन गया और पास के घरों में पानी घुसने लगा। NMDC क्षेत्र होने के कारण घटना के उजागर होने से पहले ही साफ-सफाई का काम पूरा कर लिया गया। किसी भी आधिकारिक सूचना या शिकायत का कोई आधिकारिक उल्लेख नहीं मिला, लेकिन जगह की हालत देखकर साफ पता चलता है कि आज की बारिश ने घरों में पानी का रूप कितना विकराल दिखाया होगा।
यह घटना गंभीर चिंता का विषय बन गई है। NMDC जैसी बड़ी संस्था अपने ही टाउनशिप कॉलोनी को जलप्रलय से नहीं बचा पा रही है, तो आने वाले वर्षों में किरंदुल की भौगोलिक स्थिति क्या होगी? यह सवाल अब स्थानीय लोगों और पर्यावरण-प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। माइनिंग गतिविधियों से जुड़े जल निकासी तंत्र की क्षमता, नालों की सफाई और बारिश के बढ़ते प्रभाव पर गहन चिंतन की जरूरत महसूस की जा रही है।
किरंदुल जैसे पहाड़ी और माइनिंग प्रभावित इलाके में बारिश का पैटर्न बदल रहा है। अगर समय रहते जल निकासी व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और गंभीर रूप ले सकती हैं। स्थानीय प्रशासन और NMDC प्रशासन दोनों से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग उठने लगी है।

