*दंतेवाड़ा में राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच द्वारा शौर्य एवं गौरव यात्रा का भव्य आयोजन*
किरंदुल, दंतेवाड़ा: भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य के प्रतीक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच, जिला दंतेवाड़ा ने मातृशक्ति के नेतृत्व में शनिवार को एक विशाल सभा और शौर्य यात्रा का आयोजन किया। इस आयोजन में हजारों की संख्या में मातृशक्ति, युवा शक्ति और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शौर्य यात्रा दुर्गा मंच, आवराभाटा से शुरू होकर बस स्टैंड, दंतेवाड़ा पहुंची, जहां राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच के संरक्षक, पदाधिकारियों, अतिथियों और वक्ताओं ने मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता और माधव सेवा समिति के अध्यक्ष जीतेंद्र सिंह भदौरिया, सह-संयोजिका बबिता पांडे, सदस्य प्रीती संकरण भावना सक्सेना और पूर्व सैनिक दिनांर्थो पान ने अपने विचार व्यक्त किए।
वक्ताओं ने 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा की गई निर्मम हत्या की कड़ी निंदा की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में थल सेना, वायु सेना और नौसेना द्वारा आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने और पाकिस्तान के हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देने की सराहना की। वक्ताओं ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर ने देश की बहनों के उजड़े सिंदूर का बदला लिया। हमें अपनी सेना पर गर्व है।” विशेष रूप से कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के योगदान को मातृशक्ति का गौरव बढ़ाने वाला बताया गया और मंच से उन्हें सलामी दी गई।
राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच, दंतेवाड़ा के संरक्षक संतोष महापात्र, संयोजिका डॉ. बुधरी ताती, सचिव कैलाश सोनी, सह-सचिव धनेश्वर दास, सह-सचिव मिश्रीलाल झाड़े, व्यवस्थापक अंकुर सिंह और सह-व्यवस्थापक सनिष कुमार के नेतृत्व में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन में सह-संयोजिका इंदिरा महापात्र, सदस्य गायत्री शर्मा, प्रीति शंकरन, ममता गुप्ता, सुष्मिता महापात्र, स्नेहा वेणु गोपाल, पायल गुप्ता, कमला विनय नाग, विनीता देशमुख, कुसुम साहू, डॉ. नीता साहू और अनिता दीक्षित सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
यह शौर्य यात्रा न केवल भारतीय सेना के पराक्रम को सम्मान देने का माध्यम बनी, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया।

