*किरंदुल में गर्भवती महिलाओं के लिए आयोजित हुआ एएनसी जांच शिविर*
किरंदुल, 23 मई 2025: प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरंदुल में 23 मई को गर्भवती महिलाओं के लिए एंटीनेटल केयर (एएनसी) जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि एएनसी जांच गर्भावस्था के दौरान जटिलताओं को पहचानने और उनका समाधान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस जांच से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, सीवियर एनीमिया, ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी समस्याओं का पता लगाया जाता है। पहले हर माह की 9 तारीख को आरोग्य दिवस के रूप में एएनसी जांच होती थी, लेकिन अब प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत माह की 9 और 24 तारीख को शिविर आयोजित किए जाते हैं। गर्भवती महिलाएं अपने नजदीकी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में यह जांच करा सकती हैं।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रिका नाग ने कहा कि गर्भावस्था में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। इससे मां और बच्चे दोनों का समुचित विकास होता है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, जिसमें प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ जैसे सोयाबीन, दाल, दूध और अंडा शामिल हों, लेने की सलाह दी। साथ ही, हल्का व्यायाम, योग और हर तीन घंटे में पौष्टिक भोजन लेने की सिफारिश की। डॉ. नाग ने समय-समय पर चिकित्सकीय जांच की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
शिविर में डॉ. बी. रम्याशी, आरएमए नीरज साहू, स्टाफ नर्स संगीता लाल, प्रयोगशाला जांच कर्मी सरोज यादव, रीना बघेल, ओपीडी पंजीयन कर्मी मीठी गोप, वाहन चालक शंकर नाग, सफाई कर्मी मनकू व्यामी, दवा वितरण कर्मी सूरज और यमनी, व्यवस्था संचालक चंचल कुमार, वंदना भगत, मरीज व्यवस्था कर्मी मयंक ठाकुर, रोहित नाग सहित स्वास्थ्य केंद्र के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह शिविर गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

