*किरंदुल.मांशाहारी मार्किट में पानी की कमी से व्यापारियों की बड़ी मुस्किले*
*किरंदुल, 26 अप्रैल 2025:* किरंदुल के वार्ड नंबर 8 में स्थित मांशाहारी मार्केट के व्यापारी पानी की भारी कमी से जूझ रहे हैं। मटन, चिकन और मछली के व्यापारियों का कहना है कि मार्केट में पानी की सुविधा न होने से साफ-सफाई बनाए रखना असंभव हो गया है। इस समस्या के चलते न केवल उनके व्यवसाय पर असर पड़ रहा है, बल्कि नगरपालिका द्वारा दुकानें बंद करने की चेतावनी भी दी गयी है।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि मार्केट में दिन में केवल आधा घंटा पानी आता है, जिसमें 10 से 15 दुकानों में से महज 1-2 दुकानदार ही पानी भर पाते हैं। “बिना पानी के मटन, चिकन और मछली जैसी चीजों की सफाई कैसे करें? कच्चा माल है, इसे साफ रखना जरूरी है, लेकिन पानी की कमी ने हमें मुश्किल में डाल दिया है।”
कुछ दिन पहले गंदगी और साफ-सफाई की शिकायतों के चलते नगरपालिका ने इस मार्केट को एक हफ्ते के लिए बंद कर दिया था। उस समय नगरपालिका के मुख्य अधिकारी, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षद ने दौरा किया और व्यापारियों से साफ-सफाई का वादा लेकर दुकानें दोबारा खुलवायी थीं। लेकिन अब व्यापारियों का सवाल है कि बिना पानी के वे साफ-सफाई कैसे करें?
व्यापारी ने बताया, “हमने कई बार नगरपालिका को पानी की समस्या के बारे में बताया। हमने यह तक कहा कि हम खुद पाइप खरीद लेंगे, बस कनेक्शन दे दीजिए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। न पार्षद देखने आता है, न नगरपालिका का कोई अधिकारी।”
व्यापारियों का कहना है कि अगर पानी की व्यवस्था नहीं हुई और गंदगी की शिकायत दोबारा हुई, तो उनकी दुकानें फिर से बंद हो सकती हैं, जिससे उनकी आजीविका पर संकट आ जाएगा। वे प्रशासन से तत्काल इस समस्या का समाधान करने की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने नगरपालिका से अपील की है कि मार्केट में नियमित और पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि वे अपने व्यवसाय को सुचारू रूप से चला सकें और साफ-सफाई के मानकों का पालन कर सकें।

