*किरंदुल वेस्ट डंप हादसा: ठेकेदार की लापरवाही से बाल-बाल बची जानें, जंगल तबाह… और काम अब भी धड़ल्ले से जारी*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*किरंदुल वेस्ट डंप हादसा: ठेकेदार की लापरवाही से बाल-बाल बची जानें, जंगल तबाह… और काम अब भी धड़ल्ले से जारी*

 

किरंदुल 14 नंबर में वेस्ट माइनिंग का काम कर रहे ठेकेदार की भयंकर लापरवाही सामने आई है। लाखों टन वेस्ट डंप को बेहद लापरवाही से जमा करने का नतीजा ये हुआ कि सोमवार रात पूरा ढेर नाले में धंस गया। अगर ये हादसा सुबह या दिन में होता तो लोहा गांव के कई लोगों की जान चली जाती। गांव जाने का एकमात्र पैदल रास्ता पूरी तरह बंद हो चुका है।

सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि घटना स्थल पर काम अब भी धड़ल्ले से जारी है। वहां चल रहे हाइवा वाहन के चालक ने बताया कि पूरा कार्य बचेली निवासी हरी शंकर का है। जिस जगह का मालवा ढहा है, वहां भी हरी शंकर का ही काम चल रहा था। यानी लापरवाही का आरोप लगाने वाले ठेकेदार के काम पर कोई रोक नहीं लगी है।

ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि जिस जगह वेस्ट डंप डाला जा रहा था, वहां प्राकृतिक जल स्रोत है जहां पानी लगातार बहता रहता है। गांव वालों ने पहले ही ठेकेदार को चेतावनी दी थी कि यहां मिट्टी न डाली जाए, लेकिन ठेकेदार ने अनसुनी कर दी। नतीजा सामने है—पूरा ढेर रात के अंधेरे में नाले में समा गया।

घटना स्थल का मुआयना करने पर साफ नजर आता है कि ठेकेदार ने कितनी लापरवाही से काम कराया। 80 से 100 एकड़ जंगल पूरी तरह तहस-नहस हो चुका है। सैकड़ों पेड़-पौधे और जीव-जंतु नष्ट हो गए हैं। अगर तूफानी बारिश हुई तो ये दायरा दोगुना हो सकता है और हजारों पेड़-पौधे तथा जीव-जंतु खत्म हो जाएंगे।

मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दंतेवाड़ा-किरंदुल क्षेत्र में अगर घंटे-दो घंटे की भी तेज बारिश हुई तो ये वेस्ट डंप का मलबा लोहा गांव तक पहुंच सकता है। गांव वालों के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है।

यह पूरा नजारा ठेकेदार की घोर लापरवाही का प्रमाण है, जिसमें सैकड़ों जीव-जंतुओं की जान और लोहा गांव के निवासियों की जिंदगी से खिलवाड़ किया गया है। नाम सामने आने के बावजूद काम जारी रहने से सवाल और गहरा हो गया है—एनएमडीसी परियोजना, शासन और प्रशासन इस लापरवाह ठेकेदार हरी शंकर के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई करेंगे या लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों को यूं ही छोड़ देंगे?

स्थानीय प्रशासन और एनएमडीसी को तुरंत स्थल निरीक्षण कर दोषी ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पर्यावरणीय नुकसान का आकलन कर तुरंत राहत और पुनर्स्थापन के उपाय किए जाने चाहिए।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles