*दंतेवाड़ा में शाम को लगेगी ‘आवास जनचौपाल’अधूरे आशियानों को पक्की छत देने की नई पहल*
दंतेवाड़ा, 03 सितंबर 2026। दिनभर की कड़ी मशक्कत, खेत-खलिहान और मजदूरी के बाद जब ग्रामीण शाम को फुरसत पाएंगे, तब जिला प्रशासन खुद उनकी चौखट पर पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे मकानों को पूरा करने का रास्ता तलाशेगा।
जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिले में अटके पड़े निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए व्यावहारिक और संवेदनशील पहल शुरू की है। इसके तहत गांवों में शाम के समय विशेष ‘आवास जनचौपाल’ लगाई जाएगी। दिन के समय सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटना ग्रामीणों के लिए दिहाड़ी गंवाने जैसा होता है। शाम की इस चौपाल से वे अपनी रोजी-रोटी छोड़े बिना ही सीधे प्रशासनिक मदद ले सकेंगे।
कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित तारीख और समय पर संबंधित सभी अधिकारी व कर्मचारी चौपाल में अनिवार्य रूप से मौजूद रहें। पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे गांव के हर उस हितग्राही को चौपाल तक लेकर आएं, जिनका आशियाना किसी कारण अधूरा पड़ा है।
चौपाल में अधिकारी सीधे ग्रामीणों से रूबरू होंगे। निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति जांची जाएगी। किस्त मिलने में तकनीकी अड़चन, निर्माण सामग्री की कमी या मार्गदर्शन की जरूरत—हर समस्या का समाधान मौके पर ही निकाला जाएगा।
यह सीधा प्रयास दंतेवाड़ा के सुदूर इलाकों में अधूरे मकानों को जल्द सुरक्षित, पक्की और स्वाभिमान की छत में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

