*NMDC द्वारा संचालित स्विमिंग पूल में नगरवासियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार बंद करें प्रबंधन*
यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है कि NMDC Limited द्वारा किरंदुल नगर में प्रारंभ किए गए स्विमिंग पूल में प्रवेश केवल NMDC कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों तक सीमित कर दिया गया है, जबकि नगर के सामान्य नागरिकों को इससे पूर्णतः वंचित रखा जा रहा है।
NMDC को यह स्मरण रखना चाहिए कि किरंदुल केवल NMDC कर्मचारियों का निजी परिसर नहीं, बल्कि हजारों नागरिकों का नगर है, जिनकी भूमि, संसाधन एवं सामाजिक सहयोग के कारण ही NMDC वर्षों से यहां कार्यरत है। ऐसे में नगर क्षेत्र के भीतर निर्मित सुविधाओं पर केवल एक वर्ग का अधिकार स्थापित करना पूर्णतः अनुचित, भेदभावपूर्ण एवं जनभावनाओं के विपरीत है।
एक सार्वजनिक उपक्रम होने के बावजूद NMDC का यह रवैया यह दर्शाता है कि संस्था नगरवासियों को दोयम दर्जे का नागरिक मान रही है। यह निर्णय न केवल सामाजिक असंतोष को बढ़ावा देगा, बल्कि NMDC एवं स्थानीय जनता के बीच वर्षों से स्थापित सौहार्दपूर्ण संबंधों को भी प्रभावित करेगा।
नगरपालिका परिषद किरंदुल इस भेदभावपूर्ण व्यवस्था का कड़ा विरोध करती है एवं आपसे मांग करती है कि स्विमिंग पूल को तत्काल प्रभाव से समस्त नगरवासियों हेतु निर्धारित नियम एवं शुल्क के अंतर्गत खोला जाए। अन्यथा यह माना जाएगा कि NMDC जानबूझकर स्थानीय नागरिकों के अधिकारों एवं भावनाओं की उपेक्षा कर रही है।
यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो नगरपालिका परिषद जनहित में आंदोलन, ज्ञापन एवं अन्य वैधानिक कार्यवाही करने हेतु बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी NMDC प्रबंधन की होगी।
अतः विषय की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उचित निर्णय लिया जाना अपेक्षित है।
भवदीय,
उपाध्यक्ष
नगरपालिका परिषद, किरंदुल
जिला दंतेवाड़ा (छ.ग.)

