किरंदुल बाजार अब अतिक्रमण मुक्त, व्यापारियों और ग्रामीणों के चेहरे खिले

किरंदुल (वार्ड क्रमांक 8)। वर्षों से अतिक्रमण की जकड़ में जकड़ा किरंदुल बाजार आज पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त नजर आया। नगरपालिका प्रशासन, जिला प्रशासन एन एम डी सी किरंदुल और पुलिस प्रशासन के संयुक्त अथक प्रयास से बाजार के मुख्य मार्ग पर जमे अतिक्रमण हटाए गए। इससे स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे और पूरे बाजार में खुशी का माहौल छा गया।
सुबह से ही नगरपालिका के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस प्रशासन के अनुविभागीय अधिकारी अविनाश ठाकुर , थाना प्रभारी संजय यादव, नगरपालिका मुख्य अधिकारी शशिभूषण महापत्र एन एम डी सी किरंदुल परियोजना से अजय बाघे नगरपालिका अध्यक्ष रूबी सिँह उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी तथा जिला प्रशासन के नायब तहसीलदार केजू राम पटेल के सहयोग से मुख्य मार्ग पर दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वाले सभी लोगों को हटाया गया। अब बाजार के अंदर ग्राहकों का आना-जाना सुगम हो गया है।
पुलिस ने मौके पर ही एम्बुलेंस बुलाकर बाजार के अंदर एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन घुसाने की तैयारी भी शुरू कर दी। आज एम्बुलेंस को अंदर ले जाने का प्रयास किया गया। जो दुकानदार अभी भी सड़क पर अवरोध पैदा कर रहे थे, उन्हें सोमवार तक अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया है। सोमवार को एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन पूरे बाजार में सुचारू रूप से घूम सकेंगे।इस कार्रवाई से सिर्फ बाजार के व्यापारी ही नहीं, आसपास के ग्रामीण भी खुश हैं। अब उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए मुख्य सड़क पर बैठने की जरूरत नहीं होगी। वे बाजार के अंदर आसानी से जगह बना सकेंगे। इससे बाजार की रौनक बढ़ेगी और यह सही मायने में बाजार जैसा दिखेगा।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि वर्षों बाद बाजार में इतनी खुशी का माहौल देखने को मिला है। अब लोग आसानी से गाड़ी लेकर बाजार के अंदर जा सकेंगे, जिससे व्यापार भी बढ़ने की उम्मीद है
