*किरंदुल: वार्ड 1, 3, 4, 6 के निवासियों का सवाल- क्या हमारा इंतजार भी खत्म होगा?*
किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी सिंह ने वार्ड 17 और 18 में वर्षों से बंद पंप हाउस को तत्काल प्रभाव से चालू कराकर निवासियों की पुरानी समस्या का समाधान किया। पटवारी पारा स्थित पंप हाउस से पानी की सप्लाई न होने के कारण लोग लंबे समय से परेशान थे। परियोजना भवन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आमजनों को भी पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही थी।
श्रीमती सिंह ने दोनों वार्डों का सघन दौरा कर नगर पालिका अमले को कड़े निर्देश दिए और मौके पर ही दो नए पंप स्थापित करवाए। मात्र एक घंटे में दोनों वार्डों में पानी की सप्लाई शुरू हो गई। सप्लाई शुरू होने तक वे कार्यस्थल पर डटी रहीं। वार्डवासियों ने उनकी त्वरित कार्रवाई की सराहना की और “रूबी सिंह जिंदाबाद” के नारे लगाए। मौके पर मौजूद पार्षदों ने भी उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
हालांकि, इस कार्य ने वार्ड 1, 3, 4, और 6 के निवासियों में नई उम्मीद जगाई है, लेकिन साथ ही उनके मन में सवाल भी उठ रहे हैं। इन वार्डों में भी पानी की समस्या वर्षों से बनी हुई है। स्थानीय महिलाओं का कहना है, “हम भी लंबे समय से पानी के लिए तरस रहे हैं। क्या हमारा इंतजार भी खत्म होगा, या यह सपना ही रहेगा?” निवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष से इन वार्डों में भी शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
नगरपालिका अध्यक्ष एक महिला है और क्या महिलाओं का दर्द समझेंगी क्या श्रीमती रूबी सिंह इन वार्डों के निवासियों की पुकार सुनेंगी और उनकी समस्या का समाधान करेंगी? यह सवाल अब किरंदुल की जनता के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

